भाजपा ने कहा : सुतली बम विस्फोट की घटना यह बताती है कि प्रदेशभर में अपराध अब किस स्तर तक बढ़ चुका है!

0 भाजपा से अनुराग सिंह देव का प्रदेश सरकार पर हमला, पूछा- गृह मंत्री साहू स्मार्ट पुलिसिंग के अपने झूठे दावों को छोड़कर कब यह महसूस करेंगे कि प्रदेश की क़ानून-व्यवस्था तार-तार हो रही है?

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता श्री अनुराग सिंह देव ने राजधानी में भारतीय जनता युवा मोर्चा के नेता दिव्येंद्र सिंह ठाकुर के निवास के बाहर सुतली बम से विस्फोट की घटना को चिंताजनक बताया है। श्री सिंहदेव ने कहा कि इस घटना से यह साफ़ हो गया है कि प्रदेश सरकार और पुलिस तंत्र क़ानून-व्यवस्था का राज क़ायम करने में विफल है और अपराधी सख़्त कार्रवाई नहीं होने के कारण बेख़ौफ़ इस तरह की वारदातों को अंजाम देकर क़ानून और शांतिप्रिय सभ्य समाज में आतंक फैला रहे हैं। श्री सिंहदेव ने सवाल किया कि राजधानी में शासन-प्रशासन की नाक के नीचे हो रहीं लगातार आपराधिक वारदातों के बाद भी सजगता, सक्रियता और सख़्ती क्यों नहीं दिखाई जा रही है?

श्री सिंहदेव ने कहा कि सुतली बम विस्फोट की घटना यह बताने के लिए पर्याप्त है कि राजधानी और प्रदेशभर में अपराध अब किस स्तर तक बढ़ चुका है! प्रदेश के गृह मंत्री तामम्रध्वज साहू स्मार्ट पुलिसिंग के अपने जुमले को छोड़कर कब यह महसूस करेंगे कि प्रदेश की क़ानून-व्यवस्था तार-तार हो रही है? प्रदेश की अमनपसंद जनता आख़िर कब तक इन छुट्टे अपराधियों के कृत्यों से डरी-सहमी रहेगी और क़दम-क़दम पर अपनी सुरक्षा और ज़िंदगी को ख़तरे में देखती रहेगी? श्री सिंहदेव ने राजनीतिक प्रतिशोध के नज़रिए से भी इस घटना की जाँच के बिंदु तय करने की मांग करते हुए इस बात पर हैरानी जताई कि भाजयुमो नेता के आवास के बाहर हुई इस घटना से न केवल आसपास दहशत का माहौल है, अपितु भाजयुमो नेता ठाकुर के परिजन घटना के बाद से दहशत के साए में हैं, लेकिन पुलिस प्रशासन द्वारा उनके परिवार को ज्ञापन सौंपने के बादtf भी सुरक्षा प्रदान नहीं की गई है। श्री सिंहदेव ने ठाकुर-परिवार को पूरी सुरक्षा मुहैया कराने और इस घटना की सूक्ष्म जाँच कर दोषियों का पता लगाने के बाद उनके ख़िलाफ़ सख़्त कार्रवाई की मांग की है।

Categorized in: