राजेंद्र ठाकुर (राजू)
ब्यूरो कार्यालय बलरामपुर

बलरामपुर के सेंदूर कोटरहिटांड क्षेत्र में सिंदूर नदी पर नहर निर्माण कार्य के दौरान बुधवार देर शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। निर्माण कार्य में लगी अजाक्स मशीन दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिससे चालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई प्राप्त
जानकारी के अनुसार सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के उद्देश्य से करोड़ों रुपये की लागत से नहर निर्माण कार्य कराया जा रहा है। बुधवार शाम ग्राम सेंदुर के कोटरहिटांड में कार्य के दौरान अजाक्स मशीन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना गंभीर था कि मशीन चालक उसके नीचे दब गया। मृतक की पहचान सनावल-पचावल निवासी रामदयाल के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दुर्घटना के बाद चालक को बचाने के लिए तत्काल प्रयास किए गए, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही जिला पंचायत उपाध्यक्ष धीरज सिंहदेव घटनास्थल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों को घटना की जानकारी देकर राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने का आग्रह किया।
सूचना पर पुलिस, राजस्व विभाग तथा निर्माण एजेंसी के कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे। देर रात तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद मशीन के नीचे फंसे शव को बाहर निकाला गया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फिलहाल पुलिस एवं प्रशासन ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर मशीन के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Categorized in: