टाटा मोटर्स अपनी फ्लैगशिप SUVs सफारी और हैरियर के फेसलिफ्ट मॉडल लॉन्च कर चुकी है। इन दोनों मॉडल में कंपनी ने एडवांस्ड ADAS फीचर्स दिया है। इसमें फॉरवर्ड कॉलिसन वॉर्निंग, ऑटोनोमस इमरजेंसी ब्रेकिंग, ब्लाइंड स्पॉट डिटेक्शन के साथ लेन डिपार्टसर वार्निंग का फीचर भी मिलेगा। यानी सेफ्टी के लिहाज से ये दोनों SUV बेहद शानदार हो गई हैं। अब ड्राइविंग के दौरान गलती से भी गलती हो जाती है तब ये फीचर्स ड्राइवर को तुरंत अलर्ट कर देंगे। खासकर जब आप हाईवे पर किसी फिक्स लेन में ड्राइव कर रहे हैं और कार इस लेन से बाहर जाती है तब आपको ये अलर्ट कर देगी।

टाटा मोटर्स का कहना है कि स्टीयरिंग इंटरवेंशन पहले संभव नहीं था, क्योंकि SUV हाइड्रोलिक पावर स्टीयरिंग सेटअप से लैस थी। हालांकि, फेसलिफ्टेड SUVs इलेक्ट्रॉनिक पावर स्टीयरिंग सिस्टम पर स्विच हो गई हैं। इसी वजह से अब इनमें लेन-कीप असिस्ट का फीचर देना संभव हो पाया है। दिलचस्प बात यह है कि टाटा मोटर्स ने हाल ही में लॉन्च हुए हैरियर और सफारी फेसलिफ्ट के साथ इस फीचर को पेश नहीं किया है। कार निर्माता का कहना है कि वह अभी भी इसके कैलिब्रेशन पर काम कर रहा है। हालांकि, ग्राहकों के लिए राहत की बात ये है कि सॉफ्टवेयर अपडेट के बाद इस फीचर को बाद में जोड़ दिया जाएगा।

ग्लोबल NCAP में 5-स्टार रेटिंग
टाटा के नए सफारी और हैरियर फेसलिफ्ट मॉडल को ग्लोबल NCAP क्रैश टेस्ट में 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग मिली। ग्लोबल NCAP में एडल्ट और चाइल्ड सेफ्टी रेटिंग बेंचमार्क में उच्चतम स्कोर हासिल किया है। इसके साथ ही ये दोनों एसयूवी अब भारत की सबसे सुरक्षित एसयूवी बन गई हैं। जिनकी टेस्टिंग नए और अधिक कड़े ग्लोबल NCAP टेस्टिंग प्रोटोकॉल के तहत किया गया है। हैरियर और सफारी ने एडल्ट सेफ्टी में 33.05 अंक हासिल किए हैं। वहीं, चाइल्ड सेफ्टी में इन दोनों एसयूवी को 49 में से 45 अंक मिले हैं। दोनों एसयूवी को साइड इफेक्ट सेफ्टी के लिए भी टेस्ट किया गया, जिसमें दोनों ने अच्छे स्कोर हासिल किए हैं

15.50 लाख रुपए से शुरू कीमतें
टाटा सफारी फेसलिफ्ट की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 16.19 लाख रुपए और हैरियर फेसलिफ्ट की कीमत 15.50 लाख रुपए है। सफारी फेसलिफ्ट को 10 वैरिएंट और 7 कलर ऑप्शन के साथ लॉन्च किया है। इसके वैरिएंट में स्मार्ट (O), प्योर (O), एडवेंचर, एडवेंचर+, एडवेंचर+ डार्क, एक्म्प्लिश्ड, एक्म्प्लिश्ड डार्क, एक्म्प्लिश्ड+ डार्क, एडवेंचर+ A और एक्म्प्लिश्ड+ शामिल हैं। वहीं, कलर ऑप्शन की बात करें तो इसमें कॉस्मिक गोल्ड, गैलेक्टिक सैफायर, लूनर स्लेट, ओबेरॉन ब्लैक, स्टारडस्ट ऐश, स्टेलर फ्रॉस्ट और सुपरनोवा कॉपर शामिल हैं।

टाटा सफारी फेसलिफ्ट के फीचर्स और स्पेसिफिकेशंस

इसके डिजाइन की बात करें तो इसे मौजूदा मॉडल की तुलना में ज्यादा अट्रैक्टिव बनाया गया है। सफारी अधिक बॉक्सी और स्ट्रेट है। र हैरियर के मुकाबले इसमें सीधी लाइन मिलती हैं। जबकि फुल वाइड LED लाइटिंग के साथ नया लुक रंगीन ग्रिल इंसर्ट के साथ एक प्रीमियम टच जोड़ता है। इसमें 19-इंच के एलॉय व्हील्स मिलते हैं, जिससे इसकी ऑफरोडिंग भी कर पाएंगे। इसके बैक साइड में नई LED लाइटिंग दी है।

इसका इंटीरियर एकदम नया मिलने वाला है। इसमें व्हाइट अपहोल्स्ट्री और नया 4-स्पोक स्टीयरिंग मिलता है। कार में नया डिजिटल इंटरफेस के लिए 12.3-इंच का बड़ा टचस्क्रीन इन्फोटेनमेंट और नया 10.25-इंच के डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर दिया है। आर्टिफिशियल वुडन ट्रिम और लाइनें इसे एक क्लास टच देती हैं। इससे इसका केबिन एक्सपीरियंस बेहतर बनता है।

बैक सीट को कंपनी ने अब ज्यादा आरामदायक बना दिया है। इसमें बड़ी कैप्टन सीट्स लगाई गई हैं। मैनुअल तौर से इन्हें कई बार एडजेस्ट किया जा सकता है। फ्रंट सीट को पीछे से इलेक्ट्रिक तौर से एडजस्ट कर सकते हैं। सेकेंड रो में भी वेंटिलेटेड सीट्स मिलती हैं। जो कि किसी लग्जरी एसयूवी में भी नहीं मिलता है। थर्ड रो की सीट पर भी अब ज्यादा स्पेस मिलता है।

कार में एडैप्टिव मूड लाइटिंग, एक बेजल वाला एरिया रिएक्शन मोड सेलेक्टर और एक बेहतर डिजाइन वाला नया ई-शिफ्टर दिया है। इसमें ADAS, डुअल जोन क्लाइमेट कंट्रोल, डुअल पावर्ड सीटें, JBL ऑडियो, 360 डिग्री कैमरा, 7 एयरबैग और नए ADAS फीचर्स सहित हैरियर के समान फीचर्स मिलते हैं। कुल मिलाकर इसमें अब सेफ्टी भी हाई क्लास की हो गई है।

इसके इंजन की बात करें तो इसमें 2.0 लीटर डीजल इंजन मिलेगा। इसे शिफ्ट-बाय-वायर 6-स्पीड ऑटोमेटिक के साथ जोड़ा गया है जो पहले के गियर सिलेक्टर में मिलता था। इसमें कोई AWD नहीं है लेकिन इसमें टेरेन रिस्पॉन्स मोड मिलते हैं। इसमें ड्राइव मोड भी हैं जबकि नया इलेक्ट्रिक पावर स्टीयरिंग भी एक बड़ा अपडेट है। जिससे इसे चलाना आसान हो गया है।

Categorized in: