मनोकामना ज्योति कलश प्रज्जवलित किए गए, देवी धाम में लगी भक्तों की कतार  

अंबिकापुर। शारदीय नवरात्र की शुरूआत सोमवार को हुई, इसके साथ ही मंदिरों में मनोकामना ज्योति कलश प्रज्ज्वलित करने और माता की आराधना के लिए भक्तों के आने का सिलसिला शुरू हो गया। इस वर्ष शारदीय नवरात्र पर श्रद्धालुओं के बीच खास उत्साह देखा गया। भक्तों ने मंदिर पहुंच कर मां का सीधा दर्शन कर परिवार, समाज के सुख- समृद्धि व खुशहाली की कामना की। घरों में भी श्रद्धालुओं के द्वारा कलश स्थापना कर पूजा-अर्चना की जा रही है। व्रती महिला-पुरूष मां की आराधना में लगे हैं।
नवरात्र के पहले दिन मां शैलपुत्री की पूजा हुई। सोमवार को जगत जननी मां दुर्गा की आराधना शुभ मुहूर्त में घट स्थापना के साथ प्रारंभ हुई। शहर के देवी मंदिरों में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे। माता की एक झलक पाने के लिए सभी श्रद्धालु लालायित नजर आए। माता रानी के दरबार में मत्था टेकने का सिलसिला सुबह से देर शाम तक चला। चैत्र नवरात्रि को लेकर नगर में भक्तिमय माहौल बना हुआ है। पहले दिन मां का विशेष शृंगार किया गया। नगर के मां महामाया मंदिर, मां समलाया मंदिर, मां दुर्गा शक्तिपीठ गांधी चौक, संत हरकेवल मंदिर, मां काली मंदिर, रघुनाथपुर मंदिर, शीतला मंदिर सहित शहर के सभी देवी मंदिरों में माता की आराधना करने श्रद्धालु पहुंचे। मंदिरों में श्रीमद्भागवत कथा, दुर्गा सप्तशति का पाठ व भजन-कीर्तन किया गया। मां के दर्शन के लिए सुबह से ही माहामाया मंदिर सहित अन्य देवी मंदिरों में श्रद्धालओं की लंबी-लंबी कतारें लगी रही। कोरोनाकाल का दौर थमने के बाद मंदिर में मां के द्वार तक पूजा करने के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं में एक अलग ही उत्साह देखने को मिला।
शैलपुत्री स्वरूपा की हुई पूजा
नवरात्रि के प्रथम दिवस माता के शैलपुत्री स्वरूप की पूजा की गई। शैलपुत्री का अर्थ पहाड़ों वाली माता है। माता के इस स्वरूप की पूजा से भक्तों की मुरादें पूरी होती हैं। सभी ने श्रद्धाभाव से मां के पहले रूप की पूजा-अर्चना कर अपने व परिवार के सुख-समृद्धि की कामना की।
ज्योति कलश से जगमगाए मंदिर
माता के मंदिर में मुख्य कलश स्थापित करने के बाद मंत्रोच्चारण के साथ ही विधिवत पूजन हुआ। इसके बाद सैकड़ों ज्योति कलश प्रज्ज्वलित किए गए। माता के दरबार में ज्योत जलाकर भक्त मन्नत पूरी होने की कामना करते नजर आए। कई भक्तों ने अपने-अपने घरों में भी ज्योति कलश स्थापित कर पूजार्चना की।
पंडालों में दुर्गा मां की आकर्षक प्रतिमा स्थापित
शहर में विभिन्न स्थानों में आकर्षक पंडालों में मातारानी की स्थापना की गई है, जिससे पूरा शहर भक्ति में डूबा नजर आ रहा है। नगर के जयस्तंभ चौक, सदर रोड, ब्रह्म रोड, घुटरापारा, गोधनपुर देवीगंज रोड, भगवानपुर सहित कई स्थलों पर मातारानी की प्रतिमा स्थापित कर लोग पूजार्चना में लगे हैं। यहां रोजाना सुबह-शाम आरती के साथ मातारानी के भंडारे का आयोजन किया जाएगा। नवरात्रि पर्व को लेकर लोगों में एक अलग ही उत्साह देखने को मिल रहा है।  

Categorized in: