अंबिकापुर। बलरामपुर जिले में रिश्तेदार के यहां विवाह समारोह में आई नाबालिग लडकी के साथ दो युवकों के द्वारा दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी स्वजनों को नाबालिग ने दी तो वे पुलिस के पास पहुंचे। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में भेज दिया है। बताया जा रहा है कि आरोपितों ने घटना को उस समय अंजाम दिया, जब वह आधी रात बाद टॉयलेट जाने के लिए निकली थी। यहां पहले से मौजूद दो युवकों की नजर उस पड़ी और हैवानियत की हद पार कर वे उसे उठाकर खेत में ले गए और मुंह दबाकर दुष्कर्म किया। नाबालिग ने मदद के लिए शोर मचाया लेकिन शादी समारोह में बज रहे डीजे की आवाज के बीच उसकी गुहार किसी ने नहीं सुनी। आरोपितों ने उसे स्वजनों और थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने पर जान से मारने की धमकी दी थी।
जानकारी के मुताबिक बलरामपुर जिले के एक गांव में नौ मई को नाबालिग अपने रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होने स्वजनों के साथ आई थी। शादी में सभी डीजे में बज रहे गाने पर नाच रहे थे। रात करीब ढाई बजे नाबालिग टॉयलेट करने बाड़ी की ओर गई, इसी दौरान दो युवक वहां पहुंचे और मुंह दबाकर नाबालिग को खेत की ओर ले गए। दोनों आरोपितों ने बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया और वहां से निकल गए। नाबालिग किसी तरह घर पहुंची और रिश्तेदार महिला को इसकी जानकारी दी। सुबह स्वजनों ने मामले की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई। नाबालिग ने बताया कि जब दोनों युवक उसे ले गए, उस समय डीजे बज रहा था। वह चिल्लाई लेकिन किसी को उसकी आवाज सुनाई नहीं दी। आरोपितों ने उसे उसे किसी को बताने पर जान से मारकर फेंक देने की धमकी भी दी थी। पुलिस ने आरोपितों के विरूद्ध धारा 376 (घ), 506 व पॉक्सो एक्ट की धारा 4, 6 के तहत अपराध दर्ज कर 24 घंटे के भीतर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। इन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।

Categorized in: