राजेन्द्र ठाकुर राजू बलरामपुर/ बलरामपुर। राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत लग्जरी वाहन में मवेशियों को भरकर बूचडख़ाना ले जाने का मामला सामने आया है। मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने एक स्कार्पियो वाहन सहित छह मवेशियों को जप्त कर लिया है। स्कार्पियो में सवार आरोपी जंगल क्षेत्र से होते मौके से रफूचक्कर हो लिए।
जानकारी के अनुसार सफेद रंग की स्कार्पियो वाहन में मवेशी लोड कर बूचडख़ाना झारखंड ले जाया जा रहा था। इसकी सूचना पुलिस को मुखबिर से मिली और उक्त वाहन का पीछा करने लगी। इधर आरोपी स्कॉर्पियो वाहन को तेज रफ्तार में भगाते ग्राम सेवारी तक पहुंचे और जंगल के अंदर वाहन छोड़ भाग निकले। वाहन क्रमांक ओआर 2 एडी 5500 की तलाशी में छह नग मवेशी मिले, जिसमें दो गाय, दो बैल एवं दो बछिया थे। क्रूरतापूर्वक सिर, पैर बांधकर इन्हें वाहन में ठूंस दिया गया था। पुलिस ने वाहन और मवेशियों को जब्त कर लिया है। स्कॉर्पियो चालक व सवारों के पता-तलाश व अग्रिम पड़ताल में पुलिस लगी है।

Categorized in: