हिंदू समाज की संस्कृति और परंपरा को विखंडित करने रच रहे षड्यंंत्र


बस्तर संभाग में मतांतरण का विरोध कर रहे जनजातियों पर हमला के विरोध में सर्व हिंदू समाज ने धरना देकर की सभा



अंबिकापुर। बस्तर संभाग में मतांतरण का विरोध कर रहे जनजातियों पर लाठी, डंडों से लैस ईसाई मिशनरियों द्वारा हमला के विरोध में बुधवार को स्थानीय घड़ी चौक पर एक दिवसीय धरना सर्व हिंदू समाज द्वारा आयोजित किया गया।
धरना को संबोधित करते हुए प्रांत कुटुंब प्रबोधन संयोजक सुभाष चंद्र अग्रवाल ने कहा कि ईसाई मतांतरण के कारण भविष्य में जो होने वाला है उसका उदाहरण है नारायणपुर की घटना। इस घटना से पूरे हिंदू समाज को सचेत रहने की आवश्यकता है। स्व.दिलीप सिंह जूदेव ने ऑपरेशन घर वापसी चलाकर जनजाति हिंदुओं को बचाने का प्रयास किया था। आज वनवासी कल्याण आश्रम के इस कार्यक्रम को तेजी से आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। सर्व हिंदू समाज सरगुजा के संयोजक इंद्र बहादुर तिवारी ने कहा कि नारायणपुर में आदिवासी हिंदू समाज पर ईसाई मिशनरियों द्वारा किए गए अत्याचार से पूरा हिंदू समाज आंदोलित है। यदि सरकार ने दोषियों पर कार्रवाई नहीं की तो यह आंदोलन और तेज होगा। उरांव समाज के प्रतिनिधि बंशीधर उरांव ने कहा कि आदिवासी हिंदू समाज को ईसाई मिशनरियां मतांतरण के नाम पर प्रताडि़त कर रही हैं। प्रकृति पूजक भोले-भाले आदिवासी समाज के लोगों को ईसाई मिशनरियों के इशारे पर छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार जेल में डाल रही है, हिंदू समाज की संस्कृति और परंपरा को विखंडित करने का षड्यंंत्र रचा जा रहा है। क्षत्रिय समाज के प्रतिनिधि अनिल सिंह मेजर ने कहा कि सैकड़ों साल पहले तलवार की नोक पर जब हिंदू समाज को मतांतरित करने का प्रयास किया गया और हिंदू समाज नहीं टूटा तब अंग्रेजों द्वारा ईसाई मिशनरियों के माध्यम से प्रलोभन देकर आदिवासी हिंदुओं को ईसाई बनाने का कुचक्र चलाया गया। अब हिंदू समाज जाग गया है, उनके मंसूबे कामयाब नहीं होंगे। धर्म जागरण के प्रांत प्रमुख राजकुमार चंद्रा ने कहा कि छत्तीसगढ़ की धर्म परायण धरती को दूषित करने का काम कांग्रेस की सरकार कर रही है। सुकमा के एसपी ने पत्र लिखकर सभी थानेदारों को चेताया था कि धर्मांतरण तेजी से हो रहा है उसे रोकें परंतु भूपेश सरकार के कान में जूं तक नहीं रेंगी। नारायणपुर की घटना उसी का परिणाम है। ललन प्रताप सिंह ने कहा नारायणपुर में अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं और भोले-भाले निरपराध आदिवासियों को आरोपी बनाकर जेल में डाला जा रहा है। हम सरकार को चेतावनी देते हैं कि शीघ्र अपनी गलती सुधारते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करें अन्यथा हिंदू समाज वृहद आंदोलन के लिए तैयार है।

अनुराग सिंह देव ने कहा छत्तीसगढ़ में अब कांग्रेस सरकार के संरक्षण में बलपूर्वक मतांतरण हो रहा है। 23 दिसंबर को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल दिल्ली जाकर ईसाई मिशनरियों के राष्ट्रीय पदाधिकारियों से मिले थे, उसके बाद नारायणपुर में ईसाई मिशनरियों ने जबरिया मतांतरण कराने आदिवासी समुदाय पर हमला किया था। अब हिंदू समाज को सीधी लड़ाई के लिए तैयार रहना होगा। सिख समाज के गुरुचरण सिंह छाबड़ा ने कहा कि हिंदू धर्म को बचाने के लिए फिर से बलिदान की आवश्यकता है, पूरे सनातनी हिंदू समाज को एकजुट होकर मतांतरण का विरोध करना चाहिए। भारत सिंह सिसोदिया ने कहा कि मतांतरण से राष्ट्र अंतरण तक हो जाता है। हिंदू समाज को तोडऩे के लिए आजकल नए प्रकार का षड्यंत्र चल रहा है। कभी सिख समाज को हिंदुओं से अलग बताया जाता है, तो कभी गोड़ समाज को हिंदू समाज से अलग बताने का प्रयास किया जाता है। वरिष्ठ अधिवक्ता अशोक दुबे ने कहा कि सनातन धर्म पर हमला करने का षड्यंंत्र हिंदू विरोधी कर रहे हैं, हाल में स्थानीय खोपा धाम में हुआ हमला भी धर्मांतरण से ही प्रेरित है। स्वर्णकार समाज से परशुराम सोनी ने कहा कि अब समय आ गया है हिंदुत्व की रक्षा के लिए हम कमर कस लें।
धरना कार्यक्रम को कंवर समाज से फुलेश्वरी सिंह, गोड़ समाज से अरुणा सिंह, विश्व हिंदू परिषद से विनीत गुप्ता सहित अन्य लोगों ने भी संबोधित किया। धरना पश्चात कलेक्टर सरगुजा के नाम सर्व हिंदू समाज ने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। कार्यक्रम का संचालन इंदर भगत एवं आभार प्रदर्शन विनीत गुप्ता ने किया।

Categorized in: