25 लाख रुपये के लिए घर की जमा पूंजी और कर्ज लेकर ठग को ऑनलाइल दिया चार लाख

अंबिकापुर। कौन बनेगा करोड़पति में 25 लाख रुपये की लॉटरी लगने की बात सुनकर रोजगार सहायक अमीरी के खराब देखते कर्ज में डूब गया। चार लाख रुपये डूबने के बाद उसे एहसास हुआ कि वह ऑनलाइन ठगी का शिकार हुआ है। धोखाधड़ी से लोगों को बचाने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से चलाए जा रहे जागरुकता अभियान के बाद भी पढ़े-लिखे लोग झांसे में आकर कंगाल हो रहे हैं। ऐसा ही मामला दरिमा थाना क्षेत्र का सामने आया है। रोजगार सहायक कौन बनेगा करोड़पति, केबीसी के नाम पर आए ठग के फोन के झांसे में आकर घर की जमा पूंजी व कर्ज लेकर 4 लाख रुपए गंवा बैठा।
जानकारी के मुताबिक सरगुजा जिले के दरिमा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खजुरी का पंकज प्रधान रोजगार सहायक के पद पर पदस्थ है। बीते दो नवंबर को उसके मोबाइल पर अज्ञात व्यक्ति का फोन कॉल आया, जिसने कहा कि वह केबीसी से बोल रहा है। उसने 25 लाख रुपये की केबीसी में लॉटरी लगने की बात कही। यह सुनकर रोजगार सहायक के चेहरे खिल उठे और वह बिना सोचे-समझे उसके झांसे में आकर रुपये प्राप्त करने का प्रोसेस शुरु कर दिया। फोन करने वाले ठग ने टैक्स के नाम पर उससे 19 हजार रुपए खाते में ऑनलाइन जमा करवा लिया। दो नवंबर से 30 नवंबर के अंदर उसने चार लाख रुपये रोजगार सहायक से अलग-अलग पांच खाते में डलवा कर ऐंठ लिए। इसके बाद भी लॉटरी का 25 लाख रुपये नहीं मिले तो उसे ठगी का एहसास हुआ और मामले की रिपोर्ट दरिमा थाने पहुंचा और घर की जमा पूंजी सहित कर्ज लेकर रुपये अलग-अलग खातों में अंतरित करने की जानकारी पुलिस को दिया। पुलिस अज्ञात के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना कर रही है।

Categorized in: