0 भाजपा ने कोतवाली के सामने दिया धरना, किया विरोध प्रदर्शन

चंचलेश श्रीवास्तव – सूरजपुर। कांग्रेस द्वारा भाजपा पदाधिकारियों के खिलाफ एफआर आई दर्ज कराने के विरोध में शनिवार को भाजपा पदाधिकारियों ने कोतवाली के सामने धरना देकर विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा का आरोप है कि टूलकिट के माध्यम से देश विदेश में भारत की छवि खराब करने हेतु गुप्त पत्र जारी किया था। जिस पर भाजपा के द्वारा देशवासियों के समक्ष इसका भंडाफोड़ करते हुए अपना वक्तव्य मीडिया के माध्यम से जारी किया गया। जिस पर छत्तीसगढ़ कांग्रेस सरकार के द्वारा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ,संगठन महामंत्री बी एल संतोष, राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा तथा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में एफ आई आर दर्ज किया गया है। जिसके विरोध में भाजपा द्वारा शनिवार को जिला मुख्यालय में कोतवाली के सामने धरना देकर कोविड- नियमों का पालन करते हुए विरोध प्रदर्शन किया गया। उपरोक्त कार्यक्रम भाजपा कार्यालय में मंडल अध्यक्ष अजय अग्रवाल के नेतृत्व में धरना में बैठने वाले नेता पूर्व गृह मंत्री रामसेवक पैकरा, जिला अध्यक्ष बाबूलाल अग्रवाल, भाजपा के प्रदेश मंत्री परमेश्वरी राजवाड़े , जिला कोषाध्यक्ष थलेश्वर साहू एवं जिला मंत्री संदीप अग्रवाल का तिलक लगाकर तथा माल्यार्पण कर धरना स्थल हेतु रवाना किया गया। जहां से पदयात्रा एवं नारेबाजी करते हुए सभी धरना स्थल पहुंचे। वहां 2 घंटे तक सरकार एवं कांग्रेस पार्टी के विरुद्ध जमकर नारेबाजी करते हुए धरना दिया गया।
इस दौरान रामसेवक पैकरा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी मोदी का विरोध करते करते देश के विरोध पर उतर आई है और टूलकिट के माध्यम से उन्होंने देश को नीचा दिखाने का काम किया है। उनके षड्यंत्र का पर्दाफाश करने पर भाजपा के राष्ट्रीय नेताओं के विरुद्ध फर्जी एफ आई आर दर्ज किया जाना शर्मनाक और निंदनीय है जिसका पार्टी पुरजोर विरोध करती है। जिला अध्यक्ष बाबूलाल अग्रवाल ने कहा कि राष्ट्रीय नेताओं के विरुद्ध दर्ज किए गए झूठे एफ आई आर के विरोध मे जिला मुख्यालय में धरना प्रदर्शन करने तथा दूसरे दिन जिले के सभी पुलिस थाना एवं चौकी के सामने धरना प्रदर्शन करने का निर्देश प्रदेश भाजपा से प्राप्त हुआ है। उसी तारतम्य में भाजपा कार्यकर्ता कोविड-19 का पालन करते हुए जिला मुख्यालय में धरना प्रदर्शन किया गया। वहीं रविवार को सभी पुलिस थाना एवं पुलिस चौकी के सामने भाजपा कार्यकर्ताओं के द्वारा धरना प्रदर्शन किया जाएगा। यदि राष्ट्रीय नेताओं के विरुद्ध दर्ज एफआइआर वापस नहीं ली जाती है तो पार्टी कार्यकर्ता हम भी रमन हैं हमें भी गिरफ्तार करो के तर्ज पर पूरे प्रदेश के साथ-साथ जिले में भी तेज आंदोलन करेगी। धरना प्रदर्शन कार्यक्रम में भाजपा पूर्व जिला मंत्री शशीकांत गर्ग, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष रविंद्र भारती, शंकर जिंदिया , आनंद सोनी, अरविंद मिश्रा ,लक्ष्मण कसेरा, सरोज साहू विशाल गुप्ता ,किशन देवांगन ,संस्कार अग्रवाल ,आकाश गुप्ता सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने सहयोग प्रदान किया।

Categorized in: