बलरामपुर वन परिक्षेत्र रामानुजगंज अंतर्गत ग्राम महावीरगंज में बीती रात एक नर हाथी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। यह घटना रात लगभग 9 बजे की बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही डीएफओ आलोक बाजपेयी एवं एसडीएम आनंद नेताम देर रात ही मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है।

हाथी की मौत की खबर गांव में फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण भी घटनास्थल पर पहुंच गए। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वन विभाग ने मृत हाथी के चारों ओर घेराव करवा दिया है।

वन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृत नर हाथी वाड्रफनगर रजखेता से रामानुजगंज वन परिक्षेत्र में प्रवेश किया था। विभाग को इसकी सूचना पहले से थी और लगातार निगरानी भी की जा रही थी। बताया जा रहा है कि दिनभर हाथी बसकटिया जंगल और आसपास के क्षेत्रों में विचरण कर रहा था, लेकिन बिछी रात अचानक उसकी मौत हो गई।
हाथी की मौत महावीरगंज निवासी रामबरन कोडाकू पिता स्व. जोखन कोडाकू के घर के सामने हुई है। फिलहाल विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Categorized in: