संभागीय आबकारी उड़नदस्ता टीम ने 4.35 लाख रुपये का इंजेक्शन बरामद किया
मुख्य तस्कर कार छोड़कर भागा, न्यायालय के आदेश पर गिरफ्तार सहयोगी जेल दाखिल
अंबिकापुर। आबकारी उड़नदस्ता की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 2413 नग नशीली इंजेक्शन के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। मुख्य अभियुक्त अंधेरे का फायदा उठाकर अपनी कार और इंजेक्शन छोड़कर फरार हो गया। जप्त किए गए इंजेक्शन की कीमत 4 लाख 35 हजार रुपये है।
जानकारी के मुताबिक सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता को रात्रि गस्त के दौरान 9 जुलाई को को मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना मणिपुर अंतर्गत सुंदरपुर वेयर हाउस के पास नशीली इंजेक्शन का मुख्य तस्कर देवेंद्र सिंह अपने साथी गंगाराम के साथ सफेद रंग के हुंडई वरना कार में भारी मात्रा में नशीला इंजेक्शन रखकर ग्राहकों को सप्लाई कर रहा है। सूचना पर आबकारी उड़नदस्ता टीम तत्काल सुंदरपुर वेयर हाउस के पास दबिश दी। जैसे ही उड़नदस्ता की टीम वहां पहुंची एक व्यक्ति कार से निकल कर अंधेरे की तरफ भागने लगा। टीम ने उसे दौड़ाया परंतु अत्यधिक अंधेरा होने के कारण वह भागने में सफल हो गया। एक व्यक्ति आबकारी अमले के हाथ लग गया, जो पूछताछ में अपना नाम गंगाराम निवासी लोधिमा और भागे व्यक्ति का नाम देवेंद्र सिंह निवासी लहपटरा बताया। कार क्रमांक सीजी 04 एचव्ही 4544 की तलाशी के दौरान 1250 नग टैलजेसिक इंजेक्शन, 200 नग रेक्सोजेसिक इंजेक्शन और 965 नग एविल इंजेक्शन मिला, जिसे टीम ने बरामद कर लिया है। आरोपी को एनडीपीएस एक्ट की धारा 22 (सी) के तहत गिरफ्तार करके 10 जुलाई को विशेष न्यायाधीश अंबिकापुर के समक्ष प्रस्तुत किया गया, यहां से मिले आदेश के बाद आरोपी को जेल दाखिल कर दिया गया है।
कार और इंजेक्शन भगोड़े आरोपी का
गिरफ्त में आए आरोपी गंगाराम ने सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता को पूछताछ के दौरान बताया कि कार और पूरा नशीला इंजेक्शन भगोड़े आरोपी देवेंद्र सिंह का है। आरोपी ने देवेंद्र सिंह के लिए काम करना स्वीकार किया है। उसका कहना है कि देवेंद्र के इशारे पर वह नशीले इंजेक्शन का सप्लाई करता है। पकड़ में आए आरोपी ने रंका मोड़ से नशीली इंजेक्शन लेकर आने की जानकारी दी है। उड़नदस्ता टीम देवेंद्र सिंह की तलाश के साथ दिगर राज्य के विक्रेता के बारे में जानकारी हासिल करने में लगी है।
आयुक्त-उपायुक्त के निर्देशन में कार्रवाई
आबकारी आयुक्त श्याम धावड़े के दिशा-निर्देश व उपायुक्त आबकारी विजय सेन शर्मा के मार्गदर्शन में की गई कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के साथ टीम में शामिल आबकारी उप निरीक्षक आकाश साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस दौरान मुख्य आरक्षक अशोक सोनी, नगर सैनिक गणेश पांडे एवं रणविजय सिंह, वाहन चालक कुशल खुंटे भी सक्रिय रहे।

Categorized in: