बिश्रामपुर। रेण नदी के तट पर स्थित मुक्तिधाम में मधु मक्खियों को निकालने वन विभाग द्वारा असफल प्रयास किए जाने से लोगों में भय व्याप्त है। पिछले दिनों एक युवक के अंतिम संस्कार में शामिल होने गए लोगों पर मधु मक्खियों द्वारा हमला किए जाने से दर्जन भर लोग आहत हो चुके हैं। गौरतलब है कि रेण नदी के तट पर स्थित मुक्तिधाम के पास बनवाए गए विशाल भगवान भोलेनाथ की मूर्ति में गर्दन के पास मधु मक्खियों ने अपना छत्ता बना लिया है। मधु मक्खियों द्वारा आएदिन वहां से गुजरने वालों को अपना शिकार बनाकर घायल किया जा रहा है। कुछ दिनों पूर्व नगर के एक युवा व्यवसाई के अंतिम संस्कार में शामिल होने गए लोगों पर भी धुएं की वजह से मधु मक्खियों द्वारा अचानक हमला कर दिया गया था, जिसमें दर्जन भर लोग आहत हो गए थे और कई लोगों ने तो घंटे भर तक नदी में डुबकी लगाकर अपनी जान बचाई थी। इसके पश्चात वन विभाग द्वारा एक दिन पहले ही मौके पर टीम के साथ जाकर मधु मक्खियों के छत्ते को हटाए जाने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिल सकी। वन विभाग द्वारा अब यह दावा किया जा रहा है कि जब तक वहां पर स्थापित सोलर के हाई मास्क की बिजली नहीं काटी जायेगी तब तक मधु मक्खियों के छत्ते को हटाना मुश्किल है। वहीं दूसरी ओर लोगों का कहना है कि वन विभाग द्वारा बिना कोई संसाधन के मौके पर जाकर मधु मक्खियों के हटाए जाने का केवल कोरम पूर्ति करके अपने जिम्मेदारियों से इतिश्री कर लिया गया है। ऐसी स्थिति में वहां पर अभी मधु मक्खियों के छत्ते होने की वजह से लोगों में भय व्याप्त है।

Categorized in: