बिश्रामपुर। दो महीने पूर्व दादी सास व पति की प्रताड़ना से तंग आकर ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या करने के मामले में पुलिस ने जुर्मदर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि 23 अक्टूबर को दतिमा निवासी 21 वर्षीय हरिओम राजवाड़े पिता भेवन राजवाड़े ने रिपोर्ट दर्ज कराया था कि 22 अक्टूबर 2022 को वह अपने दतिमा चौक स्थित दुकान में साफ-सफाई कराने के बाद घर गया तो उसकी पत्नी घर में नहीं थी। काफी खोजबीन के बाद भी पता नहीं चलने पर करंजी रेलवे स्टेशन में जाकर अपनी पत्नी का तलाश कर रहा था। तभी कुछ परिचितों ने बताया कि कुम्दा रेलवे फाटक ठिहाईपारा के पास किसी महिला का ट्रेन से कटकर मौत होने की जानकारी मिली है। तब रेलवे फाटक ठिहाईपारा पहुंचकर देखा तो उसकी पत्नी हेमलता का रेलवे ट्रैक पर कपड़ा व शव का चेहरा दिखाई पड़ा। पुलिस ने बताया कि रिपोर्ट पर जांच उपरांत पाया गया कि मृतिका का पति हरिओम राजवाड़े व उसकी दादी सास द्वारा मृतिका को छोटे घर की लड़की हो, घर का काम करना नहीं जानती हो और शादी में कुछ सामान नहीं लाई हो कहकर लगातार मानसिक प्रताड़ित किया जाता था, जिस कारण मृतिका हेमलता ने घटना दिवस ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली थी। मामले में मृतिका के पति हरिओम राजवाड़े व दादी सास श्याम बाई के विरुद्ध धारा 306, 34 के तहत जुर्मदर्ज कर विवेचना शुरू कर दिया है।

Categorized in: