पेट्रोल – डीजल पर भारी टैक्स वसूल कर जनता के साथ खुली लूट

मनेंद्रगढ़ ! देश में तेजी से बढ़ती महंगाई की मार से आमजन हैरान और परेशान है। पेट्रोल-डीजल की कीमतों में जो उछाल आ रहा है, उससे खाद्यान्न वस्तुओं का परिवहन भी महंगा हो गया है। महंगाई कम करने के मामले में केंद्र में बैठी भाजपा की मोदी सरकार में इच्छाशक्ति की कमी है। भाजपा पेट्रोल-डीजल को सस्ता करने का वादा कर सत्ता में आई फिर भी पेट्रोल-डीजल पर भारी टैक्स वसूला जा रहा है। यह जनता के साथ धोखा ओर खुली लूट है। केंद्र की मोदी सरकार महंगाई की बढ़ती मार नहीं रोक रही है, जिससे आमजन अपने आप को असहाय महसूस कर रहा है। उक्त बातें कोरिया जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री व नगर पालिका परिषद मनेंद्रगढ़ के उपाध्यक्ष कृष्ण मुरारी तिवारी ने एक बयान जारी कर कहीं ! श्री तिवारी ने कहा कि देश में बढ़ती महंगाई से जनता परेशान है। खाद्यान्न के दाम बढ़ गए हैं और कालाबाजारी हो रही है। बढ़ती महंगाई पर नियंत्रण रखनें में जहां एक ओर केंद्र सरकार पूरी तरह विफल रही है, वहीं दूसरी ओर केंद्र सरकार ने गैस की सब्सिडी हड़प ली। आए दिन पेट्रोल व डीजल के दाम बढ़ाकर जनता को लूटा जा रहा है। जो सरकार स्वयं जनता को लूटने में लगी हो, वह महंगाई पर नियंत्रण कैसे करेगी? कोरोना महामारी के चलते छीनते रोजगार और बढ़ती महंगाई ने आम आदमी का बजट बिगाड़ कर रख दिया है। रोजाना बढ़ती पेट्रोल-डीजल की कीमतों से तो लोग परेशान हैं ही, महंगे होते खाद्य तेलों ने हालत खराब कर दी है। महंगाई-नियंत्रण और रोजगार के अवसर पैदा करने के मुद्दे पता नहीं कहां हवा हो गए। देश का आम आदमी महंगाई को कोसते हुए अपनी जिंदगी गुजार रहा है। नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री तिवारी ने आगे कहा कि जनता महंगाई की वजह से काफी परेशान है। पेट्रोल-डीजल और गैस के बढ़ते दाम जनता के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं। लोग अपने रोजगार से हाथ धो बैठे हैं। वे महंगाई के कारण अव्यवस्था का शिकार हो रहे हैं। केंद्र की मोदी सरकार महंगाई को नियंत्रण करने के कोई उपाय नहीं कर पा रही है, जबकि केंद्र सरकार को इसे प्राथमिकता में लेना चाहिए।
महंगाई सुरसा के मुंह की तरह दिनोंदिन बढ़ती जा रही है। दैनिक जीवन की मूलभूत आवश्यकताएं रोटी, कपड़ा और मकान की जद्दोजहद में आम आदमी परेशान है। ऊपर से कोरोना की मार ने कमर तोड़ कर रख दी। खाद्य तेल, डीजल-पेट्रोल के भाव आसमान छू रहे हैं। ऐसे में केंद्र की मोदी सरकार को जमाखोरों पर सख्त कार्रवाई करते हुए बढ़ती महंगाई को नियंत्रण में लाना चाहिए। दैनिक उपयोग की वस्तुओं पर टैक्स घटाकर आम आदमी की पहुंच में लाने का प्रयास करना चाहिए।

Categorized in: