“अगले कुछ दिनों में अंजू और मैं औपचारिक तरीक़े से मंगनी कर लेंगे और फिर दस-बारह दिन बाद वह वापस भारत चली जाएंगी. इसके बाद वो दोबारा शादी के लिए पाकिस्तान आएंगी. यह मेरा और अंजू का निजी जीवन है, हम नहीं चाहते कि इसमें कोई हस्तक्षेप करे. हम मीडिया से भी दूर रहने की कोशिश कर रहे हैं.”

यह कहना है पाकिस्तान के ख़ैबर पख़्तूनख़्वा राज्य के ज़िला दीर बाला के निवासी 29 साल के नसरुल्लाह का जिनका कुछ साल पहले भारत के उत्तर प्रदेश की एक महिला अंजू से सोशल मीडिया के ज़रिए संपर्क हुआ, जो समय के साथ प्यार में बदल गया.

इस संबंध ने इतना गहरा रूप ले लिया कि हाल ही में अंजू नसरुल्लाह के साथ अपने संबंध को औपचारिक रिश्ते में बदलने के लिए पाकिस्तान पहुंच गईं.

इस समय अंजू दीर बाला में नसरुल्लाह के घर में रह रही हैं. दीर बाला के डीपीओ (डिस्ट्रिक्ट पुलिस ऑफ़िसर) मोहम्मद मुश्ताक़ ने बीबीसी से बात करते हुए अंजू की वहां मौजूदगी की पुष्टि की है.

यह कहानी हाल ही में पाकिस्तान की एक महिला सीमा हैदर और नोएडा के रहने वाले सचिन मीणा की ‘लव स्टोरी’ से मिलती-जुलती है. हालांकि अंजू वीज़ा लेकर क़ानूनी तरीक़े से पाकिस्तान आई हैं. वीज़ा के लिए दोनों को दो साल का इंतज़ार करना पड़ा.

Categorized in: