मंडी विभाग द्वारा मामले में शुरू कर दी गई है जांच

वेद प्रकाश मिश्र

बिश्रामपुर। धान को अन्य प्रांतों में बेचकर राज्य सरकार को राजस्व का नुकसान पहुंचाने का खेल लंबे अरसे से चल रहा है। पुलिस द्वारा जब बीती रात धान लोड दो ट्रक को पकड़कर तस्दीक किया तब उक्त बड़े खेल का खुलासा हो सका है। मंडी विभाग सूरजपुर द्वारा अब उक्त दोनों धान लोड ट्रक को पुलिस के सुपुर्द कर विवेचना शुरू कर दी गई है। गौरतलब है कि सूरजपुर में स्थित जय बालाजी ट्रेडिंग कंपनी व उत्सव ट्रेडर्स सूरजपुर द्वारा दो ट्रकों में धान लोड कराकर बिना अनुज्ञा पत्र के मंडी विभाग को संभवतः गुमराह कर रांची भेजा जा रहा था। तभी मुखबिर की सूचना पर मंडी विभाग व पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा सोमवार की रात स्थानीय थाने के समीप एनएच 43 पर उक्त दोनों वाहनों को पकड़ लिया गया। बताया जा रहा है कि जब अधिकारियों द्वारा उक्त दोनों वाहन चालकों से धान के संबंध में मंडी अनुज्ञा पत्र मांगी गई तब चालकों द्वारा उक्त दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराया जा सका। जिस पर उक्त दोनों ट्रकों को मंडी विभाग द्वारा जब्ती बनाकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। विश्वस्त सूत्रों की मानें तो बलरामपुर निवासी राजेश गुप्ता के ट्रक क्रमांक सीजी 15 डीएफ 5400 का चालक सुनील कुमार वाहन में 751 बोरी धान एवं ट्रक क्रमांक सीजी 15 एसी 5703 का चालक वाहन में 31600 किलो धान सूरजपुर से धान लोडकर बाबा एग्रो फूड लिमिटेड नगरी रांची जा रहे थे। बिना मंडी सूचना के धान जिले से बाहर जाने के मामले में संबंधित विभाग के अधिकारियों द्वारा जांच शुरू कर तस्दीक की जा रही है। विश्वस्त सूत्रों की मानें तो मार्च महीने से ही इस प्रकार की गड़बड़ियों को अंजाम दिया जा रहा है, जिसमें प्रतिमाह करीब 100-150 गाड़ियां अन्य प्रान्त में धान लोडकर जा रहे हैं। अब कयास लगाए जा रहे हैं कि उक्त पकड़ाए दोनों ट्रक की धान हेतु मंडी विभाग द्वारा सम्भवतः मंडी अधिनियम 1904 के तहत कार्रवाई कर जुर्माना की वसूली की जाएगी। सूत्रों की माने तो उक्त मामले को रफा दफा किए जाने हेतु प्रभावशील लोगों द्वारा काफी प्रयास भी किए जा रहे हैं, अब देखना यह होगा कि अंततः मामले में क्या कार्रवाई हो सकेगी। 

Categorized in: