सूरजपुर। कोतवाली पुलिस ने बाईक चोरी के आरोपी व बाईक खरीददार को गिरफ्तार किया है। आरोपी के अनुसार उसने करीब एक माह पूर्व उक्त बाईक रामानुजनगर साप्ताहिक बाजार से पार किया था। बताया है कि शुक्रवार को ग्राम भ्रमण के दौरान कोतवाली पुलिस को मुखबीर से सूचना मिली कि विश्रामपुर की ओर  से एक व्यक्ति चोरी का मोटर सायकल बिक्री करने के लिए सूरजपुर की ओर आ रहा है।  सूचना पर सक्रिय कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए नगर के महगवां चौक के पास घेराबंदी लगाया, इसी बीच एक मोटर सायकल आते दिखा जिसे रोकने का इशारा करने पर चालक तेजी से वाहन लेकर भागने लगा जिसे पीछा कर पकड़ा गया। पूछताछ करने पर अपना नाम मेरसाय उर्फ मेरू राजवाड़े उम्र 23 वर्ष निवासी कसलगिरी, थाना जयनगर का होना बताया। मोटर सायकल के संबंध में दस्तावेज की मांग किए जाने पर कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया। हिकमत अमली से पूछताछ करने पर उसने बताया कि एक माह पूर्व रामानुजनगर बाजार से मोटर सायकल को चोरी कर बिक्री करने के लिए ग्राहक की तलाश में आना बताया। कड़ी पूछताछ पर उसने यह भी बताया कि 7-8 माह पहले एक और मोटर सायकल को सिलफिली के पास गणेशपुर से चोरी कर ग्राम बड़े साल्ही बचरापोड़ी निवासी भोला प्रसाद को बिक्री किया है। आरोपी के निशानदेही पर पुलिस भोला प्रसाद  निवासी बड़े साल्ही, चौकी बचरा पोड़ी, थाना खड़गवां, जिला कोरिया के यहां पहुंची और उसके कब्जे से एक मोटर सायकल जप्त कर उसे भी हिरासत में लिया। मामले में चोरी की 2 मोटर सायकल कीमत करीब 60 हजार रूपये का जप्त कर दोनों आरोपियों के विरूद्व धारा 41(1-4)/379  के तहत कार्यवाही कर गिरफ्तार किया है। इस कार्यवाही में एसआई गजपति मिर्रे, प्रधान आरक्षक ऐसन पाल, आरक्षक राजकुमार पासवान, सैनिक जहांगीर आलम सक्रिय रहे।

Categorized in: