बाइक सवार सगे भाइयों की ट्रक से कुचलकर मौत, भीड़ ने सड़क पर शव रखकर देर शाम किया सड़क जाम
अंबिकापुर। कुसमी-अंबिकापुर मुख्य मार्ग पर स्थित ग्राम करकली में शुक्रवार की शाम को बॉक्साइट लोड करने सामरी माइंस जा रहे ट्रक की चपेट में आकर कुसमी नगर निवासी बाइक सवार दो सगे भाइयों की मौत गई। घटना से गुस्साए मृतक के परिजन व नगर वासियों ने चक्काजाम कर दिया। मौके पर पहुंचे कुसमी एसडीएम एवं एसडीओपी ने चक्काजाम खत्म करने लोगों से चर्चा की। उन्होंने मृतक के स्वजन को उचित मुआवजा व एक व्यक्ति को हिंडालको माइंस में नौकरी दिलाने कहा लेकिन प्रदर्शन कर रहे लोग हिंडालको के अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। देर शाम तक चक्काजाम की स्थिति बनी रही।बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के कुसमी नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक 01 निवासी 45 वर्षीय नजीर अहमद की दिमागी स्थिति काफी समय से ठीक नहीं है। वह शुक्रवार को पैदल ही ग्राम भुलसीकला की तरफ चला गया था। इसकी जानकारी जब उसके छोटे भाई 38 वर्षीय मो. मोशिम को हुई तो वह शाम को भुलसीकला से भाई को बाइक पर बैठाकर घर लौट रहा था। दोनों भाई भुलसीकला से कुसमी-अम्बिकापुर मुख्य मार्ग पर ग्राम करकली पहुंचे थे। इसी बीच वे बॉक्साइट लोड करने सामरी जा रहे ट्रक क्रमांक सीजी 15 एसी 1889 को ओवरटेक करने लगे।
इस दौरान दोनों बाइक समेत अनियंत्रित होकर ट्रक के पिछले पहिए की चपेट में आकर कुचल गए। हादसे में बड़े भाई नजीर अहमद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहे मोशिम को गंभीर हालत में कुसमी अस्पताल ले जाया गया। यहां कुछ देर बाद उसकी भी मौत हो गई।
किया चक्काजाम
घटना के बाद मृतक के स्वजन व गुस्साई भीड़ ने शव को सड़क पर ही छोड़कर चक्काजाम कर दिया। वे मृतक के बेटे को हिंडाल्को कम्पनी में नौकरी दिलाने का लिखित आश्वासन देने एवं मुआवजे की मांग करने लगे।
सूचना मिलते ही मौके पर कुसमी एसडीएम चेतन साहू व एसडीओपी रितेश चौधरी पहंचे तथा स्वजनों व भीड़ से चर्चा कर उचित मुआवजा सहित हिंडाल्को प्रबंधन से मृतक के पुत्र को नौकरी दिलाने हेतु आवश्यक पहल करने की बात कही। लेकिन सभी हिंडाल्को के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर लिखित में आश्वासन देने की मांग पर अड़ गए। देर शाम चक्काजाम समाप्त हुआ।

Categorized in: