छ.ग.फ्रंटलाइन
अंबिकापुर। दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम जयपुर में नौ वर्षीय बच्ची की संदेहास्पद परिस्थिति में मौत हो गई। स्वजन की ओर से जहां बच्ची के मौत का कारण ट्रैक्टर की ठोकर से होना बताया जा रहा है, वहीं अस्पताल में जांच के बाद चिकित्सक ने मारपीट मेें चोट आने से मौत होने की संभावना व्यक्त की है। संदेह की स्थिति न बने, इसे देखते हुए डॉक्टरों की टीम ने बच्ची के शव का पोस्टमार्टम किया है।
पुलिस को बच्ची के स्वजन ने बताया संध्या सतनामी पिता ऋषि राम सतनामी 09 वर्ष, शुक्रवार को दरिमा थाना क्षेत्र अंतर्गत प्राथमिक शाला मुकुंदपुर पढ़ने गई थी। स्कूल से छुट्टी होने के बाद वह घर लौट रही थी, इसी दौरान गांव के बचरापारा में ट्रांसफार्मर के पास बजरंग गोड़ का ट्रैक्टर बच्ची को ठोकर मार दिया। इसकी सूचना मिलने पर वे घायल बच्ची को लेकर मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर पहुंचे। आपातकालीन चिकित्सा परिसर में मौजूद डॉक्टर ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। चिकित्सक ने पर्ची में मौत के पीछे मारपीट की संभावना व्यक्त की है। ऐसे में संदेह की स्थिति बनने पर चिकित्सकों की टीम ने बच्ची के शव का पोस्टमार्टम किया है। बच्ची की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही सामने आ पाएगा।

Categorized in: