रामानुजगंज(पृथ्वीलाल केशरी)
नगर के वार्ड क्रमांक 9 में कन्हर नदी के तट पर स्थित प्राचीन राम मंदिर में जन्माष्टमी के अवसर पर बरसते पानी के बीच श्रद्धालुओं का जन सैलाब उमड पड़ा। धूमधाम से राम मंदिर में श्री कृष्ण जन्मोत्सव मनाया गया। साथ ही नगर के वार्ड क्रमांक 11 में स्थित हनुमान मंदिर,रानी सती मंदिर एवं राधा कृष्ण मंदिर सहित अन्य मंदिरों में भी श्री कृष्ण जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। मंदिरों में शाम से ही श्रद्धालुओं की भीड़ पूजा अर्चना के लिए आती रही जो जन्मोत्सव तक बनी रही। ज्ञात हो कि दशकों से नगर के प्राचीन राम मंदिर में विशेष धूमधाम से श्री कृष्ण जन्माष्टमी मनाई जाती है जिसके लिए विगत कई दिन पूर्व से व्यापक स्तर में पीपल चौक नवयुवक दुर्गा पूजा संघ के आलोक गुप्ता विकास गुप्ता अमित जायसवाल सत्यम गुप्ता एवं अन्य सदस्यों के द्वारा तैयारियां प्रारंभ कर दी जाती है। इस बार राम मंदिर में विशेष साज सजावट की गई थी। रेस्ट हाउस से लेकर राम मंदिर तक एवं पूरे राम मंदिर परिसर की विशेष सजावट की गई थी जो विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। राम मंदिर में शाम से ही भजन कीर्तन का दौर प्रारंभ हो गया था वही रात्रि 11:30 बजे श्रद्धालुओं के विशाल जन सैलाब के बीच श्री कृष्ण जन्मोत्सव मंदिर के पुजारी यशपाल दुबे के द्वारा आरती कर संपन्न कराया गया। तत्पश्चाप प्रसाद वितरण किया गया।

लड्डू गोपाल को पालने में झुलाने भक्तों की उमड़ती है भिड़

प्रत्येक वर्ष श्री कृष्ण जन्माष्टमी में श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़ को देखते हुये इस वर्ष नवयुवक दुर्गा पूजा संघ के द्वारा व्यापक तैयारियां की गई थी। अर्द्धरात्रि में कृष्ण जन्मोत्सव आरती के बाद श्रद्धालुओं की इतनी भीड़ उमड़ी की लड्डू गोपाल को पालने में झूलाने के लिए महिलाओं एवं पुरुषों में होड़ मच गई।

श्री कृष्ण के साथ सेल्फी जोन में श्रद्धालुओं ने ली सेल्फी

राम मंदिर में इस वर्ष विशेष सजावट की गई थी वहीं श्रद्धालुओं के लिए सेल्फी जोन भी बनाया गया था जहां विशालकाय श्री कृष्ण भगवान की पोस्टर लगाई गई थी जिसके साथ लोगों ने जमकर सेल्फी ली। श्री कृष्ण जन्मोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं का उत्साह देखते बन रहा था।

Categorized in: