बिलासपुर । न्यायधानी से बड़ी खबर सामने आ रही है। बुधवार को यहां पुलिस की हिरासत में एक आरोपी की मौत हो गई। आज उसकी पेशी थी, लेकिन थाने से आज सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। वहां उसकी मौत हो गई है। मामला तारबाहर थाना का है। मृतक का नाम श्याम मुद्दीकर है और उसे मंगलवार को रायपुर से गिरफ्तार कर लाया गया था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मुंगेली निवासी श्याम मुद्दीकर के खिलाफ दीपक कुमार बेहरा ने जमीन पंजीयन और वाहन दिलाने के नाम पर पौने चार लाख की ठगी की शिकायत 2022 में की थी। जिस पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज किया था। आरोपी तब से फरार चल रहा था। पुलिस को जानकारी मिली कि श्याम मुद्दीकर रायपुर के तेलीबांधा में परिवार के साथ रह रहा है। जिस पर तारबाहर पुलिस ने सोमवार शाम दबिश देकर आरोपी को रायपुर से गिरफ्तार कर लिया और उसे लेकर देर रात तारबाहर थाने पहुंची। यहां आज सुबह उसे अदालत में पेश किया जाना था।

पुलिस के अनुसार आज सुबह तकरीबन 10ः30 बजे आरोपी ने तबीयत खराब होने की बात कही। इसके बाद उसे जिला अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत के बाद सीएसपी सिविल लाइन संदीप पटेल अस्पताल पहुंचे और विधिवत प्रक्रिया पूरी कर शव का पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीएसपी संदीप पटेल ने बताया कि शव का पंचनामा व पोस्टमार्टम के बाद मौत के कारणों का पता लगेगा। मगर इस मामले में थाने के एक एएसआई पर संदेह की उंगलिया उठ रही है।

Categorized in: