अंबिकापुर । नगर में लगातार चोरी की बड़ी वारदातों ने पुलिस महकमे में भी खलबली मचा दी है। एक दिन पहले ही गुदरी बाजार में लगातार सात दुकानों में एक ही रात चोरी की घटना ने पुलिस की किरकिरी कर ही दी थी, कि दूसरे दिन ही चोरों ने पुराना बस स्टैंड के पीछे स्थित जय हनुमान कोल डिपो के ऑफिस में धावा बोल दिया। बड़ी चोरी करने के फिराक में घुसा चोर सीसीटीवी फुटेज में भी स्पष्ट रूप से देखा जा रहा है। चोर ने ऑफिस और व्यवसायी के घर की ओर घूम घूम कर देखा। आखिरकार ऑफिस के अंदर से एक लैपटॉप और ऑफिस के बाहर लगा मोटर पंप अज्ञात चोर ने चोरी कर लिया। सुबह जब ऑफिस में चोरी की घटना से व्यवसायी अवगत हुए तो उसने इसकी सूचना पुलिस महानिरीक्षक आर पी साय को दी। आईजी के निर्देश पर तत्काल सीएसपी, कोतवाली टीम के साथ-साथ फॉरेंसिक एक्सपर्ट, डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचे। 
जानकारी के अनुसार नगर के पुराना बस स्टैंड के पीछे नेपाल लॉज के सामने निवासी जय हनुमान कोल डिपो के संचालक राहुल गोयल पिता के के अग्रवाल उम्र 35 वर्ष का घर और कार्यालय एक ही परिसर में स्थित है। बीती रात अज्ञात चोर दीवार फांद कर परिसर के अंदर प्रवेश किया। सीसीटीवी में तड़के 3:30 बजे यह घटना स्पष्ट रूप से देखी जा रही है। अज्ञात चोर ने परिसर में घूमते हुए ऑफिस के बाहर लगा मोटर पंप पहले खोला और उसे सुरक्षित बाहर रखते हुए कार्यालय की खिड़की में डंडा घुसा कर अंदर रखा लैपटॉप बाहर निकाल लिया। मोटर पंप और लैपटॉप को लेकर चोर वहां से फरार हो गया।सुबह जब व्यवसायी ने देखा कि कार्यालय से लैपटॉप और बाहर से मोटर पंप गायब है तो इसकी सूचना पुलिस महा निरीक्षक आर पी साय को दी। आई जी द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों को दिए गए निर्देश के बाद तत्काल मौके पर सीएसपी, कोतवाली टीम, फॉरेंसिक एक्सपर्ट और डॉग स्क्वायड का अमला मौके पर पहुंचा। पुलिस ने घटनास्थल की जांच की। मामले में पुलिस ने अज्ञात चोर के विरुद्ध अपराध दर्ज कर लिया है। सीएसपी श्री पैकरा ने इस मामले को लेकर कहा कि गांधीनगर पुलिस टीम ने लैपटॉप और मोटर पंप कब्जे में किया है। हालांकि आरोपी का अभी तक पता नहीं चल पाया है। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार आरोपी की लगभग पहचान हो चुकी है। पुलिस उसकी खोजबीन कर रही है।

तालाब के ऊपर बना है नशेड़ियों का अड्डा


घटनास्थल से डॉग स्क्वायड पहले परिसर के अंदर ही चक्कर लगाता रहा। उसके बाद परिसर से निकलकर वह सीधे रानी तालाब के पीछे वाले हिस्से तालाब मेड पर पहुंचा। बताया जा रहा है कि वहां नशेड़ियों का जमावड़ा अक्सर देखा जाता है। नशीले पदार्थ का सेवन करने के बाद अक्सर कुंडला सिटी या फिर आसपास वे लोग चोरी की वारदात को अंजाम देते हैं। पहले कई बार उसी ओर से कुंडला सिटी में चोरी की वारदात भी हो चुकी है। स्थानीय निवासियों ने उक्त मार्ग पर पुलिस की गश्त बढ़ाने की भी मांग की है।

Categorized in: