अंबिकापुर। शंकरगढ़ से अंबिकापुर आए बाइक सवार दो भाईयों से आज शाम वापस शंकरगढ़ वापस जाते समय एक युवक ने स्वयं को पुलिसकर्मी बताकर छोटे भाई की मोबाइल लूट ली और उसे थाने में आकर बात करने को कहा, पीड़ित जब गांधीनगर थाने पहुंचा तो पता चला कि ऐसा कोई पुलिसवाला यहां है ही नहीं जिसके बाद पीड़ित को अपने साथ हुई ठगी व लूट की जानकारी मिली। पीड़ित मामले की शिकायत करने कोतवाली पहुंचा पर यहां मोबाइल का बिल लेकर आने की बात कह कर उसे चलता कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शंकरगढ़ थाना अंतर्गत ग्राम कमारी लोहरा डाँड़ निवासी सुनील कुमार आज अपने निजी काम से अपने बड़े भाई के साथ अंबिकापुर आया हुआ था शाम 7 बजे के करीब बाइक से वापस घर जाते समय मुख्य मार्ग पर रनपुर कला हनुमान मंदिर के समीप एक बाइक सवार युवक द्वारा स्वयं को गांधीनगर थाने का पुलिसकर्मी बताते हुए दोनों भाइयों को रुकवाया गया। उक्त युवक ने अंबिकापुर में ट्रैफिक सिग्नल तोड़ने की बात कह कर दोनों भाईयों को धमकाया गया और जबरन सुनील का मोबाइल ले लिया गया। युवक ने दोनों को गांधीनगर थाने आकर मिलने को कहा और उन्हें अपना मोबाईल नम्बर भी बताया गया। दोनों भाई जब गांधीनगर थाने पहुंचे तो वहां पुलिसकर्मियों से पूछताछ करने पर उन्हें पता चला कि ऐसा कोई पुलिसकर्मी थाने में नहीं है जिसके बाद स्वयं के साथ लूट की घटना होने की जानकारी पर प्रार्थी ने कोतवाली थाने जाकर मामले की शिकायत की परंतु पीड़ित के पास मोबाइल का बिल नहीं होने के कारण कोतवाली पुलिस ने उसे मोबाइल का बिल लेकर कल आने के लिए कह दिया है। मामले में समाचार लिखे जाने तक अपराध दर्ज नहीं किया गया है।

Categorized in: