देय रकम का 10 गुना देने की बात कह बाद में मुकरा, आरोपित गिरफ्तार
अंबिकापुर। रकम 10 गुना करने का झांसा देकर दो लोगों से 8.30 लाख से अधिक की ठगी करने वाले आरोपित को शंकरगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपित ने झांसा दिया था कि उसके 6 हजार करोड़ रुपये रिजर्व बैंक में आए हैं। इस रकम को निकालने 3 करोड़ रुपये मुझे टीडीएस के रूप में जमा करने हैं, अगर रकम जमा करने में तुम लोग मेरी मदद करोगे, यानी जितने रुपये दोगे, उसका 10 गुना अधिक वापस कर दूंगा। 10 गुना रकम मिलने के झांसे में आकर एक युवक व उसके बहनोई ने 8 लाख 30 हजार रुपये दे दिए। जब रुपये मांगे तो आरोपित ने देने से इन्कार कर दिया था।
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिहरा निवासी 28 वर्षीय नितेश पैंकरा पिता स्व.मदन राम ने शंकरगढ़ थाने में लिखित शिकायत करते हुए बताया था कि वर्ष 2008 में उसका परिचय चंदौरा थाना क्षेत्र के ग्राम गोरगी जजावल निवासी 44 वर्षीय राजाराम जगत पिता हरीप्रसाद से हुआ था। राजाराम जगत ने नितेश को बताया था उसके नाम से 6 हजार करोड़ रुपये भारतीय रिजर्व बैंक मेें आए हैं। इस रकम को निकालने हेतु टीडीएस के रूप में 3 करोड़ रुपये बैंक में जमा करना है। इतना पैसा मेरे पास नहीं है, यह बड़ी रकम है, तुम पैसा जमा करने हेतु मुझे जितना रकम दोगे, उसका 10 गुना ज्यादा रकम पैसा निकालने के बाद वापस कर दूंगा। ऐसा लालच देकर राजाराम जगत ने धोखा देने की नीयत से बैंक का एक डिपॉजिट ऑफ इन्डक्शन चार्जेस का बनावटी कागज भी नितेश को दिखाया। वह कागज देखकर नितेश उसके झांसे में आ गया। इसके बाद उसने नकद, चेक, निफ्ट के माध्यम से 6 लाख 49 हजार 100 रुपये किश्तों में राजाराम को दे दिए। नितेश के बहनोई मनोहरपुर निवासी राजू पैकरा ने भी रकम दस गुना होने के झांसे में आकर राजाराम को 1 लाख 80 हजार रुपये दे दिए। इस तरह से दोनों ने कुल 8 लाख 29 हजार 100 रुपए राजाराम को दे दिए थे। कुछ दिनों बाद जब दोनों 10 गुना रकम वापस मांगने लगे तो राजाराम ने इन्कार कर दिया। इसके बाद दोनों को ठगी का एहसास हुआ। मामले में नितेश की रिपोर्ट पर शंकरगढ़ पुलिस ने धारा 420 के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। शंकरगढ़ थाना प्रभारी अमित गुप्ता के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपित ग्राम गोरगी जजावल निवासी राजाराम जगत पिता हरीप्रसाद को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने जुर्म कबूल लिया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। यहां से उसे जेल भेज दिया गया। कार्रवाई में थाना प्रभारी अमित गुप्ता, एएसआई संदीप सिंह, उमाशंकर त्रिपाठी, रफेल तिर्की, प्रधान आरक्षक छत्रपाल सिंह ठाकुर, उर्मिला लहरे, आरक्षक शैलेन्द्र तिवारी, संतोष सिंह, बदलू बेक, प्रदीप मुंडा, प्रवीण कुमार चौहान, राजेंद्र पैंकरा, भुनेश्वर राम व अमृत सिंह शामिल रहे।

Categorized in: