छ.ग.फ्रंटलाइन
अंबिकापुर। राजमाता श्रीमति देवेंद्र कुमारी सिंहदेव शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय के सौ बिस्तर मातृ एवं शिशु अस्पताल में चार नवजातों की मौत के मामले में मानव अधिकार आयोग के निर्देश पर 40-40 हजार रुपये मुआवजा राशि का वितरण संबंधित परिवारों को किया गया है। बीते वर्ष पांच दिसंबर 2022 को नवजातों की मौत हुई थी। इसे लेकर गंभीर आरोप स्वजन व विपक्ष में रही भाजपा के नेताओं ने लगाए थे। प्रदेश के तत्कालीन स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के मंत्री टीएस सिंहदेव ने नवजातों की मौत के मामले को गंभीरता से लिया था और वास्तविक स्थिति जानने हेलीकाप्टर से स्वास्थ्य सचिव आर.प्रसन्ना के साथ अंबिकापुर पहुंचे थे। इधर बलरामपुर जिले के राजपुर ब्लाक अंतर्गत ग्राम धंधापुर निवासी राज मलिक पिता बुद्धू राम ने एसएनसीयू में बिजली गोल होने के बाद वार्मर का संचालन बंद होने से नवजात की मौत का आरोप लगाते हुए कलेक्टर के जनदर्शन में आवेदन प्रस्तुत किया था। मामले की जांच के लिए सरकार ने चार सदस्यीय टीम का गठन किया था। इसमें स्वास्थ्य सचिव आर. प्रसन्ना सहित अन्य शामिल थे। इधर तत्कालीन चिकित्सा अधीक्षक को हटाने के साथ ही सीनियर चिकित्सक सहित अन्य पर कार्रवाई की गाज गिरी थी। नवजातोंं की मौत में ऑक्सीजन की कमी एवं अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही जैसे आरोप लगने से मामला गंभीर हो गया था। घटना तिथि को देर रात एसएनसीयू वार्ड के बिजली पैनल में खराबी आने से लगभग दो घंटे तक बिजली की आंख-मिचौली व एसनएसीयू में लगे वार्मर बंद होने की बातें सामने आई थी। मामला मानव अधिकार आयोग तक पहुंच गया था, जिस पर आयोग ने छत्तीसगढ़ शासन को तत्काल मुआवजा राशि संबंधित बच्चों के माता-पिता को देने के निर्देश दिए गए थे। छत्तीसगढ़ शासन ने इस पर मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर के अधिष्ठाता को मुआवजा वितरण संबंधित कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया था। इसके बाद मृत बच्चों के स्वजनों को अस्पताल अधीक्षक के कार्यालय में बुलाकर एक गवाह की मौजूदगी में मुआवजा से संबंधित राशि का चेक 29 दिसंबर 2023 को प्रदान किया गया है।
इन बच्चों की हुई थी मौत
* बेबी ऑफ रीता एक्का, निवासी ग्राम सरगवां, शंकरगढ़, जिला बलरामपुर.
* बेबी ऑफ देवकुमारी, निवासी ग्राम नरला गोविंदपुर, प्रतापपुर, जिला-सूरजपुर.
* बेबी ऑफ नेहा, निवासी ग्राम महुआपारा धंधापुर, जिला-बलरामपुर.
* बेबी ऑफ बुलबुल, निवासी ग्राम माइनस कॉलोनी बिश्रामपुर, जिला-सूरजपुर.

Categorized in: