बेरोजगारी भत्ता एवं रोजगार के मुद्दे को लेकर युवा मोर्चा का कलेक्ट्रेट घेराव

कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकने युवाओं ने विशाल आंदोलन से किया आगाज-चौधरी

गिरजा ठाकुर

अंबिकापुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा ने प्रदेशव्यापी आह्वान पर बेरोजगारी भत्ता एवं रोजगार के मुद्दे को लेकर जिला स्तरीय धरना, आंदोलन कर कलेक्ट्रेट का घेराव किया। कलेक्टोरेट के घेराव को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से बेरीकेडिंग के साथ सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए थे, जो किसी काम नहीं आया। पुलिस अधिकारियों व जवानों से धक्कामुक्की करते दो बेरीकेड को धराशाई करते युवा कलेक्टोरेट के प्रवेश द्वार के समीप की गई बेरीकेडिंग तक पहुंच गए। यहां से आगे जाने जोर-आजमाइश हुई लेकिन इन्हें मौका नहीं मिला। भारी संख्या में मौजूद पुलिस के अधिकारी-जवान इन्हें रोकने में सफल हो गए। बाद में भाजयुमो के कार्यकर्ता जमीन पर बैठकर नारेबाजी करते रहे और जिला प्रशासन की ओर से पहुंचे एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। धरना-आंदोलन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा के प्रदेश मंत्री पूर्व आइएएस ओपी चौधरी थे।

धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि छत्तीसगढ़ के युवाओं को रोजगार देने तथा 10 लाख बेरोजगार युवाओं को 2500 रुपये प्रति माह बेरोजगारी भत्ता देने के वादों के साथ सत्ता में आई कांग्रेस सरकार की वादाखिलाफी से युवाओं में आक्रोश है। युवा प्रदेश की कांग्रेस सरकार को सबक सिखाने के लिए तैयार है, जिसका आगाज विशाल आंदोलन से किया जा रहा है। वर्ष 2023 के चुनाव में प्रदेश की निकम्मी कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए युवा दृढ़ संकल्पित हैं। प्रदेश ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष अखिलेश सोनी ने कहा कि युवा मोर्चा के परिश्रम की पराकाष्ठा के दम पर ही हम आगामी चुनाव को जीत सकते हैं। युवा मोर्चा का कार्यकर्ता एक-एक बूथ पर कांग्रेस की सरकार को उखाड़ फेंकने का काम करेंगे।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कांग्रेस के जन घोषणा पत्र में किए गए वादों से युवा स्वयं को छला हुआ महसूस कर रहे हंै, जिसका परिणाम 2023 के चुनाव में कांग्रेस की सरकार को भुगतना पड़ेगा। मेजर अनिल सिंह ने कहा कि युवा मोर्चा भाजपा की रीढ़ है। भाजपा युवा मोर्चा के माध्यम से हर कार्यक्रम करने तैयार रहती है। युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं के दम पर ही भारतीय जनता पार्टी विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। हम युवाओं के दम पर कांग्रेस की झूठी, भ्रष्ट व युवाओं से वादाखिलाफी करने वाली सरकार को उखाड़ फेकेंगे। भाजयुमो के जिला अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर ने कहा कि सरगुजा जिले में 90 हजार से ज्यादा बेरोजगार युवा रोजगार कार्यालय में पंजीकृत हैं, जिन्हें ना तो रोजगार मिला, ना ही आज तक बेरोजगारी भत्ता मिला।

आज युवा खुद को ठगा महसूस कर रहा है। झूठा घोषणा पत्र तैयार कर कांग्रेस सत्ता हासिल करने में सफल हो गई परंतु सत्ता पाने के बाद अपने वादाखिलाफी से युवाओं को छल रही है। धरना प्रदर्शन के माध्यम से हम प्रदेश सरकार के खिलाफ बेरोजगारी के मुद्दे को लेकर मोर्चा खोलने को तैयार हैं और राज्यपाल से मांग करते हैं कि सरकार अपने वादों को पूरा करे। एएसपी व सीएसपी ने भी झोंकी ताकतआंदोलनकारी जैसे ही घड़ी चौक पहुंचे, यहां मौजूद एएसपी विवेक शुक्ला के नेतृत्व में सीएसपी अखिलेश कौशिक सहित अन्य अधिकारी बैरीकेड को तोडऩे में युवा कामयाब न हों, इसके लिए ताकत झोंकने लगे, इधर युवा बेरीकेड के लिए लगाए गए स्टापर पर चढ़ गए, जिसमें कुछ स्टापर क्षतिग्रस्त हो गए। पुलिस सेे धक्का-मुक्की करते युवा एक-एक कर बेरीकेड तोड़ अंदर आने में सफल हो गए। दूसरा बेरीकेड भी इन्होंने संघर्ष करते पार कर लिया। अंतिम बेरीकेड में पुलिस अधिकारियों ने पूरी ताकत झोंक दी। अधिकारी को मशक्कत करते देख मौके पर मौजूद पुलिस के जवान व अधिकारी भी एकजुट होकर बेरीकेड को पार करने के प्रयास में लगे युवाओं को रोकने पूरी ताकत झोंक दिए, जिससे इन्हें कलेक्टोरेट के प्रवेश द्वार के पहले बनाए गए अंतिम बेरीकेड के पास ही जमीन में बैठकर नारेबाजी करना पड़ा।ऐसे नारों की तख्ती लहराते रहे युवा-  आंदोलनकारी भाजयुमो के कार्यकर्ता जिला बेरोजगार कार्यालय की बड़ी तख्ती लहराते छग सरकार के द्वारा बेरोजगारों के साथ किए गए छल से खफा नजर आ रहे थे। इनके द्वारा सरकार विरोधी नारे तो लगाए ही गए, वादा निभाओ भूपेश सरकार-बेरोजगारों को दो शीघ्र रोजगार, जो वादा किया वो निभाना पड़ेगा, लबरा सरकार तुझे 25 सौ रुपया बेरोजगारी भत्ता देना होगा, बेरोजगारी कर है पुकार-अब तो जागो कांग्रेस सरकार जैसे स्लोगन युक्त कई तख्तियां लहराते आक्रोश व्यक्त कर रहे थे।

Categorized in: