अंबिकापुर। पहाड़ी कोरवा का पंजीयन करा लौट रहे युवकों के साथ शहर के आईजी बंगला से कुछ फासले में स्थित लरंग साय चौक के पास पांच अगस्त की शाम लूट की घटना सामने आई है। बदमाश एक मोबाइल व तीन युवकों का दस्तावेज सहित बैग लूट कर फरार हो गए। बैग में सभी दस्तावेजों की मूल प्रति होने से इन युवकों की परेशानी बढ़ गई है। कोतवाली पुलिस का आलम यह है कि घटना के तीन दिन बाद भी बदमाशों के खिलाफ अपराध दर्ज नहीं किया गया है। पीडि़त थाने का चक्कर काटने मजबूर हैं।

जानकारी के अनुसार दरिमा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खाला निवासी वीर साय पिता गोड़ साय पांच अगस्त को अपने तीन साथियों के साथ दो अलग-अलग बाइक से अंबिकापुर कलेक्टोरेट में पहाड़ी कोरवा होने का पंजीयन कराने आया था। सभी अपने-अपने दस्तावेज का मूल प्रति साथ रखे थे। पंजीयन कराने के बाद शाम को बाइक से सभी वापस लौट रहे थे। शहर के बंगाली चौक के पास किसी काम से सभी खड़े थे, तभी पांच-छह लोग आए और मारपीट कर वीर साय के हाथ से मोबाइल व बैग लूट कर फरार हो गए। बैग में सभी का मूल दस्तावेज थे। सभी डर कर अपने घर चले गए। घटना के दूसरे दिन कोतवाली पहुंच कर उन्होंने घटना की जानकारी दी, पर घटना के तीन-चार दिन बीत जाने के बाद भी बदमाशों के खिलाफ अपराध दर्ज नहीं किया गया है। पीडि़त कोतवाली का चक्कर काटने मजबूर हैं। पीडि़तों का कहना है कि बैग में हम लोगों का मूल दस्तावेज था, अगर दस्तावेज नहीं मिले तो काफी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।

Categorized in: