प्रभारी डाकपाल सूरजपुर व ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक को पुलिस ने किया गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
अंबिकापुर। कोरिया जिले के पोस्ट ऑफिस गोदरीपारा में उप डाकपाल के पद पर पदस्थ डाकपाल का सीएससी आईडी-पासवर्ड हैक कर दो दिन में 51 लाख का फर्जीवाड़ा करने वाले शातिर आरोपितों को पुलिस ने न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। ये दोनों आरोपित सूरजपुर जिले में पदस्थ प्रभारी पोस्ट मास्टर व ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक हैं। दोनों ने डाकपाल का सीएससी आईडी और पासवर्ड हैक कर दो दिन के भीतर कैश बैक ऑफर चलाया और 51 लाख रुपये उड़ा लिए। पुलिस अन्य आरोपितों की तलाश में जुट गई है। पुलिस अधीक्षक का कहना कि आईडी और पासवर्ड हमेशा बदलते रहने से ऐसे फ्रॉड से बचा जा सकता है।
कोरिया जिले के चिरमिरी गोदरीपारा निवासी पोस्टमास्टर कृष्ण कुमार वर्मा ने चिरमिरी थाने में अपराध दर्ज कराई थी कि वे पोस्ट ऑफिस गोदरीपारा में उप डाकपाल के पद पर पदस्थ हैं। उनके सीएससी आईडी एवं पासवर्ड किसी अज्ञात व्यक्ति ने चोरी कर शासकीय खाते से कुल रकम 63 हजार 784 रुपये निकाल लिया है। इस वारदात को 28 फरवरी से एक मार्च को अंजाम दिया गया है। मामले में अज्ञात आरोपित के विरूद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। सीएसपी पीपी सिंह के मार्गदर्शन में टीम गठित कर अज्ञात आरोपित की पतासाजी में पुलिस जुटी थी। इस दौरान सीएससी आइडी के रिचार्ज एवं बिल पेमेंट की जानकारी ली गई। अधिकतर रिचार्ज एवं बिल पेमेंट जिला सूरजपुर क्षेत्र का होना पाया गया। प्रत्येक रिचार्ज कस्टमर एवं बिल पेमेंट का बारीकी से परीक्षण किया गया। अलग-अलग कस्टमर, जिन्होंने रिचार्ज कराया था, उनसे पूछताछ की गई। संदेह के आधार पर कल्याणी ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक सूरजपुर एवं पोस्ट ऑफिस से एबीपीएम (प्रभारी पोस्ट मास्टर) किशोर कुमार पटेल को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने फर्जीवाड़ा करना स्वीकार किया। कार्रवाई में थाना प्रभारी केके शुक्ला, संदीप बागीस, संजय पाण्डेय, पुष्कल सिंहा, प्रिंस राय, अशोक मलिक, चंद्रसेन राजपूत, शाहीद परवेश शामिल थे।
आरोपितों ने दी यह जानकारी-
आरोपितों ने पूछताछ में पुलिस को बताया गया कि सीएससी आईडी एवं पासवार्ड की प्रभारी पोस्ट मास्टर किशोर कुमार पटेल को जानकारी थी। उसने ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक एवं बिजली बिल व मीटर रीडर तीरथ राजवाड़े को संपर्क कर बुलाया था। प्रत्येक बिजली बिल में 100 रुपए से 500 रुपये का कमीशन और प्रत्येक मोबाइल रिचार्ज पर 5 रुपए कैशबैक अथवा जितना ज्यादा रिचार्ज उतना ज्यादा मुनाफा का ऑफर चलाया गया।
ग्राहक सेवा केंद्र संचालक व प्रभारी पोस्ट मास्टर ने अन्य लोगों से मिलकर तकरीबन 51 लाख शासन के सीएससी से चोरी की थी। उक्त रकम में 28 फरवरी व 1 मार्च को को गोदरीपारा चिरमिरी डाकघर के उप डाकपाल के सीएससी आईडी से निकाले गए थे।
यूजर आईडी व पासवर्ड बदलते रहिए
मामले में चिरमिरी पुलिस अन्य आरोपी की तलाश कर रही है। आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त इलेक्ट्रोनिक संसाधन लैपटॉप एवं मोबाइल जब्त कर बैंक खातों को होल्ड करा दिया गया है। मामले में पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को बैकिंग व एटीएम से संबंधित अपना यूजर आईडी एवं पासवर्ड न दिखाएं और न ही बताएं। वहीं समय समय पर पासवर्ड बदलते रहना चाहिए।

Categorized in: