सरगुजा व झारखंड पुलिस टीम की संयुक्त कार्रवाई दौरान मिली बड़ी सफलता
एके-47, मैग्जीन, जिंदा राउण्ड, चापड़, नक्सली ड्रेस सहित अन्य सामग्री जप्त

छ.ग.फ्रंटलाइन
जशपुर/कुनकुरी। लोकसभा चुनाव के पूर्व सरगुजा संभाग में पुलिस की बढ़ी सक्रियता के बीच पुलिस ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के गृहजिला से झारखंड के छह नक्सलियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार नक्सलियों में जेजेएमपी (झारखंड जन मुक्ति परिषद) के एरिया कमांडर का सरगना टुनेश लकड़ा उर्फ रवि सहित अन्य शामिल हैं। टुनेश के विरूद्ध बलरामपुर जिला व झारखंड के विभिन्न थानों में हमला, मुठभेड़, डकैती, आगजनी, अपहरण जैसे 31 अपराध दर्ज हैं। आरोपियों के पास से हथियार, जिंदा राउंड, नक्सली ड्रेस एवं अन्य सामग्री बरामद करने में पुलिस सफल हुई है। गिरफ्तार नक्सलियों के पास से पुलिस ने एक एके-47, एक मैग्जीन, जिंदा राउण्ड 90, एक चापड़, नक्सली ड्रेस व अन्य दैनिक उपयोग की सामग्री जप्त किया है।
मामले का पर्दाफास करते हुए पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज अंकित गर्ग ने बताया झारखंड पुलिस से सूचना प्राप्त हुई थी कि बलरामपुर एवं जशपुर क्षेत्र में टुनेश लकड़ा उर्फ रवि अपने अन्य साथियों के साथ छिपा हुआ है, उनके पास आधुनिक हथियार हैं। पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह एवं पुलिस अधीक्षक बलरामपुर डॉ. लाल उम्मेद सिंह को इससे अवगत कराते हुए टीम का गठन कर संयुक्त ऑपरेशन चलाने के निर्देश दिए गए थे। संयुक्त टीम का नेतृत्व पुलिस अनुविभागीय अधिकारी कुनकुरी विनोद मण्डावी, उपनिरीक्षक सुभाष कुजूर जिला बलरामपुर कर रहे थे। टीम द्वारा जशपुर जिले के ग्राम करमा थाना नारायणपुर एवं कुनकुरी में दबिश देकर सभी नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया ग्राम करमा थाना नारायणपुर जिला जशपुर से नक्सल सदस्य राम लकड़ा 40 वर्ष, रंजीत महतो 30 वर्ष, हेरमन कुमार गन्नुम को पुलिस टीम ने गिरफ्तार किया है। वे करमा ग्राम में किराएदार बनकर विगत सप्ताह से निवासरत थे। गुलाम शहजादा को उसके निवास से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार नक्सल सदस्यों की निशानदेही पर दबिश देकर कुनकुरी से जेजेएमपी के सरगना टुनेश लकड़ा उर्फ रवि को उसके साथी तबस्सुम अहमद के साथ मोहम्मद सद्दाम के किराए के मकान से घेराबंदी करके गिरफ्तार किया गया। आरोपी तबस्सुम अहमद चोरी के प्रकरण में जेल जा चुका है, जो किराए के मकान में कुनकुरी में रहता था। वह नक्सली साथियों के लगातार संपर्क में था और बलरामपुर क्षेत्र से टुनेश लकड़ा उर्फ रवि को एक वाहन से लाकर कुनकुरी में साथी के रूप में रखा था। आईजी ने बताया टुनेश उर्फ रवि वर्तमान में झारखंड के जिला गढ़वा एवं छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिला अंतर्गत सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय है। कार्रवाई में जशपुर एवं बलरामपुर पुलिस के साथ-साथ झारखंड की गढ़वा पुलिस का विशेष योगदान रहा, जिनके द्वारा छत्तीसगढ़ पुलिस के साथ सटीक आसूचना साझा की। दोनों राज्यों की पुलिस के बीच बेहतर समन्वय एवं तालमेल के कारण ‘जेजेएमपीÓ के दुर्दांत नक्सली एवं उसके सहयोगियों को पकड़ने में सफलता प्राप्त हुई है।
स्थाई वारंट में टुनेश की हुई थी गिरफ्तारी
टुनेश लकड़ा उर्फ रवि (झारखंड जन मुक्ति परिषद) को वर्ष 2012 में थाना शंकरगढ़ के अपराध क्रमांक 124/2009 धारा 364, 302, 120 (वी), 34 भादवि 8 (1) (3) (5) ग, जन सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत जारी स्थाई वारंट में 13 मई 2012 को गिरफ्तार किया गया था। जेल से छूटने के बाद वह वर्तमान में जेजेएमपी के सदस्यों के साथ जिला बलरामपुर, गढ़वा क्षेत्र में सक्रिय था।
गिरफ्तार किए गए नक्सली
* टुनेश लफड़ा उर्फ रवि 36 वर्ष निवासी लम्बो याना मंडरिया चौकी बरगढ़ झारखंड।
* रंजीत कुमार महतो 29 वर्ष निवासी गरमुर्गी थाना विष्णुगढ़ जिला हजारीबाग झारखंड।
* हेरमन कुमार गन्नुम, निवासी टिकैतबांध, मुंडा चतरा झारखंड।
* राम लकड़ा 45 साल निवासी गढ़िया थाना भण्डरिया झारखंड।
* तब्दुम अहमद्र 27 साल निवासी नेवरी थाना पाण्डू जिला पलामू झारखंड।
* गुलाम शहजादा 21 वर्ष निवासी बनडेगा जिला सुन्दरगढ़ (ओड़िसा), हाल-मुकाम ग्राम जोकबहला थाना नारायणपुर।

Categorized in: