बलरामपुर – जिले के राजपुर विकासखंड में बरियों चौकी अंतर्गत ग्राम सीधमा में आज दोपहर जमीन विवाद पर दो पक्षों में मारपीट हो गई। जिसके बाद दोनों पक्षों ने मामले की शिकायत चौकी में की है।
इस मामले में प्राप्त जानकारी के अनुसार अम्बिकापुर थाना अंतर्गत सोनपुर निवासी श्यामसुंदर कुशवाहा की बरियों चौकी अंतर्गत ग्राम सिधमा में पांच एकड़ भूमि है जिसपर सिधमा के मणिद्वीप जायसवाल द्वारा जबरन कब्जा किया जा रहा था। पूर्व में मणिद्वीप द्वारा 5 में से 2 एकड़ भूमि पर अवैध रूप से कब्जा कर उसे जोत दिया गया जिसपर मामला राजस्व न्यायालय में चला और वर्ष 2018 में कलेक्टर कोर्ट से श्यामसुंदर के पक्ष में निर्णय दिया गया था परंतु उक्त निर्णय पर अधीनस्थ अधिकारियों ने कोई कार्यवाही नहीं की जिससे विवाद बना रहा और अवैध कब्जाधारी के हौसले बुलंद हो गए जिसपर इस वर्ष उसने पूरी 5 एकड़ भूमि पर दावा करना शुरू कर दिया।
आज जब श्यामसुंदर कुशवाहा अपने कुछ रिश्तेदारों व परिचितों के साथ उक्त भूमि पर जुताई पूर्व भूमिपूजन करने पहुंचे तो इसकी जानकारी मिलने पर मणिद्वीप, उसका भाई व अन्य साथी सफारी वाहन में आकर उनसे गाली गलौच करने लगे जिसपर दोनों पक्षों में विवाद हो गया जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
दोनों पक्षों द्वारा एक दूसरे पर लाठी डंडो से प्रहार किया गया, इस मारपीट में दोनों पक्षो के लोग घायल हुए हैं। ग्रामीणों द्वारा बीच बचाव कर मामला शान्त कराया गया। इस मामले की दोनों पक्षों ने लिखित शिकायत थाने में की है। पुलिस द्वारा एक पक्ष की शिकायत पर अपराध दर्ज किया गया है और दूसरे पक्ष से शिकायत लेकर जांच उपरांत अपराध दर्ज करने की बात कही गई है।

Categorized in: