अंबिकापुर। जंगल में खुखड़ी बिनने गए युवकों की झाड़ी में छिपे भालू पर नजर पड़ी तो दोनों युवक जान बचाकर भागने लगे, इधर भालू उन्हें दौड़ाने लगा। एक युवक जान बचाकर भाग गया, पर दूसरे युवक का पैर गड्ढे में जाने से गिर गया और भालू उसे गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। भालू के हमले में युवक जब बेहोश हो गया तो मरा समझ कर वहां से भाग गया। परिजन गंभीर स्थिति में इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उसे भर्ती कराए, यहां उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार रणबीर टोप्पो पिता रामलाल टोप्पो 25 वर्ष कोरिया जिले के चरचा का रहने वाला था। शनिवार की सुबह रणवीर अपने दोस्त मुकेश के साथ जंगल में खुखड़ी बिनने गया था। खुखड़ी बिनने के दौरान दोनों की नजर झाड़ी में छिपे भालू पर पड़ी। भालू को देखते ही दोनों वहां से जान बचाकर भागने लगे। इधर पीछे से भालू भी उन्हें दौड़ाने लगा। मुकेश भागने में सफर रहा पर रणवीर का पैर गड्डे में जाने से गिर गया। इस दौरान भालू ने उस पर हमला कर दिया। भालू अपने नाखून से रणवीर को गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। वह अपनी जान बचाने के लिए भालू के साथ काफी देर तक संघर्ष करता रहा पर सफल नहीं हुआ और बेहोश हो गया। भालू उसे मृत समझ कर वहां से भाग गया। इधर परिजन मौके पर पहुंच कर रणवीर को गंभीर स्थिति में इलाज के लिए बैकुंठपुर अस्पताल ले गए। यहां चिकित्सकों ने उसकी स्थिति को गंभीर देखते हुए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

Categorized in: