मामला जरौंधा हायर सेकेंडरी स्कूल का, थाने में प्राथमिकी दर्ज…

बैकुंठपुर। एमसीबी जिले के ग्राम जरौंधा हायर सेकेंडरी विद्यालय में एक शिक्षक द्वारा छात्राओं से अभद्र व्यवहार व छेड़छाड़ किये जाने की घटना सामने आई है। है। शिक्षक की  शिकायत उस स्कूल में पढ़ने वाली कई छात्राओ ने एक शिकायती पत्र में हस्ताक्षर कर स्कूल के प्राचार्य से की है। घटना सामने आने पर आनन फानन में आरोपी शिक्षक को हटा दिया है। जानकारी के अनुसार एमसीबी जिले में खड़गवा ब्लॉक के ग्राम पंचायत जरौंधा के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जरौंधा में  गुरु और शिष्य के पावन रिश्ते को एक अतिथि शिक्षक ने धूमिल करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। जिसकी लिखित शिकायत उस स्कूल में पढ़ने वाली कई छात्राओ ने एक शिकायती पत्र में हस्ताक्षर कर लिखित रूप से स्कूल के प्राचार्य को दिया। इस बात की जानकारी जब एमसीबी जिले के कलेक्टर पीएस ध्रुव को लगी तो उन्होनें तत्काल खड़गवा बीईओ बीपी. मिश्रा को विद्यालय जाकर जांच करने को कहा। और जब बीईओ बीपी मिश्रा ने इस संबंध में स्कूल पहुंचकर जांच की और छात्राओ से पूछा तो यह बात सत्य पाई गई। हद तो तब हो गई जब उक्त स्कूल के शिक्षको द्वारा ऐसी कोई बात नही होने की बात कही गई। बीईओ बीपी मिश्रा ने बताया की विदया मितान महेन्द्र कुमार वैष्णव के द्वारा छात्राओं से अश्लील  बाते की जाती थी। जानकारी मिलने पर जॉच में अभिभावक के तौर पर मैंने खुद उपस्थित होकर बात की। तो कुछ बच्चियों का कहना है कि उक्त शिक्षक द्वारा गलत हरकत की जाती है। 

इस संबंध में स्कूल के प्राचार्य ने बताया की बच्चियों के द्वारा बताया गया की उक्त अतिथि शिक्षक के दुर्व्यवहार, बातचीत का तरीका सही नही होना, छेड़छाड़ के संबंध में बताया गया। साथ ही इससे सम्बन्धित शिकायत पत्र भी प्राचार्या ने प्राप्त होने की बात स्वीकारी। अब देखने वाली बात यह होगी की उक्त अतिथि शिक्षक पर क्या कार्यवाही की जाती है ।

अतिथि शिक्षक को किया गया कार्य से पृथक…

ओएसडी जिला शिक्षा अधिकारी एमसीबी ने बताया कि विकासखण्ड खड़गवां के शासकीय उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय जरौंधा में अध्ययनरत छात्राओं के द्वारा महेन्द्र कुमार वैष्णव, अतिथि शिक्षक की शिकायत प्राचार्य से की गई थी। जिसमें उक्त अतिथि शिक्षक द्वारा छात्राओं के साथ अभद्र बातें, मजाक एवं उनकी पीछा करना और मना करने पर धमकी देने की बात संज्ञान में आयी। छात्राओं के द्वारा की गई शिकायत के आधार पर मामले की जांच विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी खड़गवां के द्वारा कराई गई। जांच के दौरान शिकायत में उल्लेखित बातें सही पायी गई। जिसपर ओएसडी जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा प्राचार्य को कार्यवाही किये जाने हेतु निर्देशित किया गया। इसी तारतम्य में प्राचार्य द्वारा शाला विकास समिति की बैठक कर उक्त अतिथि शिक्षक को कार्य से पृथक कर दिया गया है और पुलिस थाना खड़गवां में प्राथमिकी दर्ज करने हेतु लिखित मेें सूचना दी गई है।

Categorized in: