गिरजा ठाकुर


पुलिसिंग पर प्रश्नचिन्ह लगने के बाद एक्टिव हुई पुलिस बरामद की पांच दोपहिया वाहन

अंबिकापुर। कोतवाली पुलिस ने मोटरसाइकल चोरी में शामिल विधि से संघर्षरत अपचारी बालक सहित दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से पुलिस ने स्कूटी, मोपेड सहित पांच दोपहिया वाहनों को जब्त करने में सफलता प्राप्त की है। शुक्रवार की सुबह आरोपित किशोर से पुलिस चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर थाने लेकर आई, इसके बाद वह मौका देखकर भाग निकला। किशोर के गायब होने की जानकारी जैसे ही तत्समय ड्यूटीरत पुलिस कर्मियों को मिली तो उनके होश उड़ गए। खोजबीन के दौरान पुलिस ने कुछ लोगों को उसका हुलिया और फोटो दिखाया और कहीं नजर आने पर तत्काल सूचित करने कहा था। इसी क्रम में पुलिस जब बालक की तलाश में बस स्टैंड की ओर गई थी, तो उन्हें सूचना मिली कि उक्त लड़का किसी का साइकिल लेकर भाग रहा है। सूचना पर एलर्ट हुई पुलिस ने उसे पुन: बरेजपारा तालाब के पास से दबोच लिया और थाने ले आई।
शहर में होती निरंतर दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं को पुलिस अधिकारियों ने गंभीरता से लिया है। पुलिस की पीठ थपथपाने वाली कार्रवाई के बीच दोपहिया वाहनों की चोरी से बनने वाली किरकिरी की स्थिति को देखकर थाना-चौकी प्रभारियों की कार्रवाई पर प्रश्नचिन्ह लगाया और पुलिस एलर्ट हुई। इसी क्रम में पुलिस को सूचना मिली कि ठनगपारा निवासी मनोज गुप्ता व विधि से संघर्षरत एक अपचारी बालक के पास चोरी की मोटरसाइकिल है। पुलिस इनकी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हिरासत में लेकर पूछताछ की तो सामने आया कि दोनों ने मायापुर पावर हाउस के पास से एक्टिवा स्कूटी क्रमांक सीजी 11 एसी 6535, पोस्ट ऑफिस के पास से टीव्हीएस एक्सल मोपेड व डॉ.समसुदोहा के अस्पताल के पास से स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 15 सीके 3275 की चोरी की है। तीनों वाहनों को वे अपने-अपने घर से निकालकर पुलिस के सुपुर्द किए। पुलिस ने मनोज गुप्ता के कब्जे से टीव्हीएस एक्सल मोपेड व स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल तथा विधि से संघर्षरत बालक के कब्जे से एक्टिवा स्कूटी व टीव्हीएस अपाचे जब्त किया है। कोतवाली प्रभारी भारद्वाज सिंह ने बताया कि आरोपितों के कब्जे से कुल पांच वाहन जब्त की गई है, जिनमें से चार चोरी गई वाहनों के मालिकों ने थाने में अपराध दर्ज कराया है, एक वाहन स्वामी की ओर से अपराध दर्ज नहीं कराया गया है। कार्रवाई में निरीक्षक भारद्वाज सिंह, प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक डॉ.प्रशांत देवांगन, उपनिरीक्षक रामनरेश गुप्ता, प्रधान आरक्षक सियाराम, सुमार साय, आरक्षक जयदीप सिंह, रूपेश महंत, कुंदन सिंह, शिव राजवाड़े, लाल भुवन सिंह पैकरा, इदरिस खान सक्रिय रहे।
इसलिए हरकत में आए पुलिस अधिकारी-
कोरिया जिले के पटना थाना अंतर्गत ग्राम अमहर निवासी अजय चक्रधारी पिता पारसनाथ 25 वर्ष, हाल मुकाम नमनाकला ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह बसंत पेट्रोल पंप के पास रिलायंस सुपर स्टोर में काम करता है। 12 जुलाई 2022 को सुबह नौ बजे के लगभग वह अपनी अपाचे मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 15 डीएच 1650 को रिलायंस सुपर स्टोर के पार्किंग में खड़ी कर ड्यूटी पर चला गया। रात करीब नौ बजे घर जाने के लिए पार्किंग में गया तो मोटरसाइकिल नहीं थी। आसपास पता-तलाश के बाद भी मोटरसाइकिल नहीं मिली। आए दिन स्कूटी, मोपेड व मोटरसाइकिल चोरी की घटनाएं सामने आने पर पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज अजय यादव एवं पुलिस अधीक्षक सरगुजा भावना गुप्ता ने वाहन चोरी के दर्ज अपराधों को सवालों के घेरे में लिया और मैदानी स्तर पर पुलिसिंग को लेकर प्रश्नचिन्ह लगाया था। उन्होंने एएसपी विवेक शुक्ला एवं सीएसपी अखिलेश कौशिक के दिशा-निर्देश पर थाना अंबिकापुर क्षेत्र से बाइक चोरी के आरोपितों की पतासाजी के लिए टीम गठित कर सभी संभावित स्थानों पर दबिश एवं संदिग्धों से पूछताछ करने कहा। इसी क्रम में पुलिस के हाथ विधि से संघर्षरत बालक व साथी युवक लगे, जिनके कब्जे से स्कूटी, मोपेड व तीन मोटरसाइकिल बरामद करने में पुलिस सफल हुई।

Categorized in: