गिरजा ठाकुर / राजेन्द्र ठाकुर


लंबे समय से कई शहरों में ठगी कर चुके आरोपित पहली बार आए सरगुजा रेंज की पुलिस के गिरफ्त में

बलरामपुर। बलरामपुर-सरगुजा व सूरजपुर जिले सहित अन्य राज्यों से कलिंग एग्रो, ग्रीन लाइफ एग्रोटेक कंपनी के नाम पर लगभग तीन करोड़ रुपये की ठगी के मामले में पुलिस ने नौ आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पूर्व में पांच आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है। आरोपितों के पास से लाखों रुपये नगद, मोबाइल सिम भी जप्त किए गए हंै। शंकरगढ़ व रामानुजगंज थाने की पुलिस ने नौ आरोपितों की महासमुंद, जगदलपुर, गरियाबंद से गिरफ्तारी की है, इनसे 07.26 लाख रुपये नगद जप्त किया गया है, वहीं कंपनी के विभिन्न बैंक खाते में जमा रकम 24.50 लाख को सीज किया गया है।
पत्रकारों से चर्चा करते हुए सरगुजा रेंज के आईजी अजय कुमार यादव ने बताया कि दिसंबर 2021 से कलिंग एग्रो कंपनी ग्रीन लाइफ एग्रोटेक का जाल सरगुजा रेंज के अलावा अन्य प्रांतों में बिछाया गया था। बलरामपुर जिले के रामानुजगंज, राजपुर और वाड्रफनगर में बकायदा कार्यालय खोलकर रामानुजगंज, बसंतपुर व वाड्रफनगर, त्रिकुंडा, शंकरगढ़ और राजपुर थाना क्षेत्रों के गांवों में घूम-घूम कर लोगों को अलग-अलग प्रजातियों के पौधे बेचने का नाम कंपनी के कर्ताधर्ता कर रहे थे। पौधों की देख-रेख करने के नाम पर इन्होंने क्षेत्र के लोगों के बीच अपनी पैठ बनाई थी। जनवरी 2022 से अप्रैल 2022 तक सभी आरोपित वाड्रफनगर, राजपुर एवं रामानुजगंज में अलग-अलग कैंप बनाकर पौधे बेचने एवं उसकी देखरेख करने का झांसा देकर लोगों से पहचान बनाते रहे। मई 2022 में इनकी ठगी की योजना तैयार हुई और ठगी के शिकार हुए लोगों से आरोपितों ने कलिंग एग्रो के नाम से ऑर्गेनिक खाद का पंचायत, ब्लॉक और जिला स्तर पर डीलरशिप नियुक्त करने का झांसा दिया गया। इसमें प्रति बोरा बिक्री पर 40 रुपये कमीशन तथा गोडाउन का किराया एवं मोबाईल खर्चा तथा अन्य फायदे पृथक से देने की बात कही गई। आरोपितों ने खाद बिक्री के आधार पर पंचायत स्तर पर प्रतिमाह 10 हजार, ब्लॉक स्तर 15 हजार हजार एवं जिला स्तर पर 22 हजार रुपये देने कहा गया, इसके सुरक्षा धन के रूप में आधी रकम देने व शेष रकम खाद डंप होने के बाद देने कहा गया। यह भी बताया गया कि ब्रिकी का काम कंपनी के आदमी करेंगे, उन्हें केवल सप्ताह में एक बार हिसाब-किताब व देख-रेख करनी होगी। साथ ही खाद का डीएपी, यूरिया भी लाकर देने कहा गया जिससे अच्छी-खासी आमदनी हो। इसके लिए बकायदा एग्रीमेंट पेपर तैयार करके दिया गया। प्रकरण में विभिन्न राज्यों में बलरामपुर पुलिस की अलग-अलग टीम द्वारा रेड कार्रवाई की गई, जिसके उपरांत पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। आरोपितों से पूछताछ करने पर पता चला कि गोरखपुर उत्तरप्रदेश में इन सभी के अलावा और भी कई लोग इस धोखाधड़ी को अंजाम देने के लिऐ एक बैठक में शामिल हुए थे। सभी लोग रामानुजगंज में अपना मुख्यालय बनाकर अलग-अलग गांवों में जाकर पौधा एवं खाद बेचने एवं डीलरशिप देने के बहाने लोगों से ठगी करते थे। अन्य व्यक्ति छत्तीसगढ़ के अन्य जिलों गरियाबंद, महासमुंद, जगदलपुर में ऑफिस खोलकर उपरोक्त मोडस ऑपरेंडी में काम करने लगे। अपराध की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक अजय यादव व एसपी बलरामपुर मोहित गर्ग द्वारा संबंधित थानों में तत्काल अपराध दर्ज कर आरोपितों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए थे।


फर्जी आधार कार्ड से खाते खोले-
रामानुजगंज में कंपनी का ऑफिस खोलकर ठगों ने मकान मालिक से एग्रीमेंट तैयार किया और आरोपित धर्मेंद्र के नाम से अंबिकापुर में जीएसटी में विधिवत कंपनी का रजिस्ट्रेशन कराया गया। बैंक ऑफ बड़ौदा, उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक, एचडीएफसी बैंक रामानुजगंज में फर्जी आधार कार्ड के सहारे खाते खोले गए। इसके समानांतर जिला कोडरमा झारखंड राज्य में फार्मिंग एग्रो कंपनी के नाम से ऑफिस खोला गया, साथ ही आईडीबीआई बैंक कोडरमा में भी खाता खोला गया। आरोपित द्वारा पीडितों को झांसा देने के लिए कलिंग एग्रो के नाम से वेबसाइट बनाई गई जिसका पता भुवनेश्वर ओडि़सा बताया गया।


आईजी व एसपी ने की ईनाम की घोषणा-
पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज अजय कुमार यादव ने गिरफ्तारी में निकली टीम के उत्साहवर्धन हेतु 25 हजार रुपये व पुलिस अधीक्षक जिला बलरामपुर-रामानुजगंज द्वारा 10 हजार रुपये के नगद इनाम की घोषणा की गई है। आरोपितों द्वारा छत्तीसगढ़ के अलावा बिहार के पूर्णिया, कटिहार, पश्चिम बंगाल के सोरथाई, मेदनीपुर, वर्धमान जिले में एवं मध्य प्रदेश के टीकमगढ़, छत्तरपुर और झारखंड के कोडरमा जिलों में वारदात करना बताया गया है, परंतु यह गिरोह कभी नहीं पकड़ में आया। सभी स्थानों को मिलाकर तीन करोड़ से अधिक रकम की ठगी इनके द्वारा की जा चुकी है। अन्य स्थानों में गिरोह म 16 सदस्यों के अलावा अन्य आरोपित भी शामिल रहे हंै। सभी राज्यों की पुलिस को आरोपितों के पकड़े जाने की सूचना दी गई है।


गिरफ्तार किए गए आरोपित-
0 नन्दमोहन पांडेय पिता सीताराम पांडेय 25 वर्ष, निवासी चधरिया जिला गोरखपुर उप्र।
0 राहुल पांडेय पिता अजय पांडेय 30 वर्ष निचासी चवरिया जिला गोरखपुर उप्र।
0 चंद्रभूषण चंद पिता कनकचंद्र 35 वर्ष, थाना गगहा जिला गोरखपुर उप्र।
0 मुकेश सिंह उर्फ शाही उर्फ आरके सिंह पिता सच्चिदानंद सिंह 45 वर्ष, थाना बेलघाट जिला गोरखपुर उप्र।
0 निक्कू उर्फ अनिकेत पिता अरविंद त्रिपाठी 26 वर्ष थाना पानीपत हरियाणा।
0 बलिंद्र सिंह पिता लालू सिंह 29 वर्ष थाना भलुअनी जिला देवरिया मप्र।
0 रुद्रप्रताप सिंह पिता हृदया सिंह 30 वर्ष थाना भलुअनी जिला देवरिया मप्र।
0 अतुल तिवारी उर्फ दयाशंकर द्विवेदी पिता मैनेजर द्विवेदी 34 वर्ष थाना देवरिया मप्र।
0 जय यादव पिता रामदेव यादव 36 वर्ष थाना अशोक विहार न्यू दिल्ली।
आरोपियों से जप्त सामग्री
एटीएम कार्ड 03 नग, मोबाईल फोन 12 नग, कंपनी का चेकबुक 7 नग, दस्तावेज रशीद, पावती, पौधा खाद की खरीदी बिक्री का खाता विवरण, आधार कार्ड 06 नग, कंपनी के खातों में फ्रीज की गई रकम 24.50 लाख, नगद 7.26 लाख।

Categorized in: