आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर अड़े रहे लोग
बिश्रामपुर। गौ तस्करी के विरोध में आज बजरंग दल के पदाधिकारियों द्वारा ग्रामीणों के साथ मिलकर दतिमा चौक के पास करीब तीन घंटे तक चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया। आंदोलनकारियों की रिपोर्ट पर पुलिस ने गौ तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल मंगलवार की तड़के करीब साढ़े छह बजे ग्राम पंचायत दतिमा निवासी प्रार्थी देवधारी उर्फ देवा राजवाड़े पिता अमृत राम अपने साथी कुम्दाबस्ती निवासी मुकेश के साथ मार्निंग वॉक पर निकला था। तभी दतिमा चौक के पास जब पहुंचे तब देखा कि ग्राम पंचायत दतिमा निवासी रेयाज मोहम्मद अंसारी व कुंवर साय द्वारा 7 नग गौवंश गाय बछिया को क्रूरतापूर्वक डंडे से मारपीट करते हुए बूचड़खाना झारखण्ड ले जा रहे थे। तब प्रार्थी और उसके साथी मुकेश वहां पर पहुंचे और उन दोनों तस्करों से पुछताछ किए। पुछताछ के दौरान तस्करों द्वारा गोल मोल जवाब देते हुए मवेशियों को वहीं छोड़कर भागने लगे। तब दौड़ाकर आरोपी कुंवर पैकरा व रेयाज मोहम्मद अंसारी को पकड़कर पुछताछ किए तब उन्होंने स्वीकार किया कि गौ वंश को बूचड़खाना झारखंड ले जाया जा रहा था। इसके पश्चात मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर बजरंग दल के जिला संयोजक सुजीत सिंह के नेतृत्व में ग्रामीणों द्वारा सुबह दस बजे दतिमा चौक के पास टायर जलाकर चक्काजाम कर दिया गया। करीब तीन घंटे तक चले चक्काजाम उपरांत सूरजपुर एडिशनल एसपी संतोष कुमार महतो, सूरजपुर तहसीलदार, बिश्रामपुर टीआई अलरिक लकड़ा, करंजी चौकी प्रभारी अरुण गुप्ता ने दल बल के साथ मौके पर पहुंचकर आंदोलनकारियो से चर्चा करके दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन देते हुए आंदोलन को समाप्त कराकर आवागमन को बहाल करा दिया। आंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारियों द्वारा तस्करों के मकान पर बुलडोजर चलवाने की भी मांग की जा रही थी। प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस ने गौ तस्करों दतिमा निवासी रेयाज मोहम्मद अंसारी पिता अब्दुल मजीज व राई निवासी कुंवर साय पिता ललन के खिलाफ छग कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4,6,10 तथा पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11,(1)
(घ) के तहत कार्यवाही करते हुए आरोपियों को न्यायालय पेश कर दिया है।
परीक्षार्थियों को उठानी पड़ी दिक्कत
दतिमा चौक के पास किए गए चक्काजाम की वजह से सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई थी। इस वजह से जाम में फंसे बोर्ड परीक्षा देने जाने वाले परीक्षार्थियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ गया। पुलिस द्वारा तत्काल पहल करते हुए जाम में फंसे विद्यार्थियों को निकालकर परीक्षा दिलाने में सहयोग दी गई।

Categorized in: