बिश्रामपुर। शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा को लेकर भटगांव तहसीलदार पर भेदभाव पूर्ण कार्यवाही किए जाने के मामले में ग्रामीण ने कलेक्टर को ज्ञापन देकर न्याय की गुहार लगाई है। कलेक्टर को दिए ज्ञापन में ग्राम पंचायत श्यामनगर तमोरपारा निवासी प्रार्थी मड़वारी राजवाडे पिता हीरा ने उल्लेख किया है कि उसके पिता के खसरा नंबर 217 रकबा 0.06 हेक्टेयर शासकीय भूमि पर कब्जा कर रखे हैं, जिसमें मकान भी बना हुआ है। आवेदक के पिता एवं स्वयं आवेदक विगत 50-60 वर्षों से उक्त शासकीय पर काबिज काश्त रहते हैं। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि गांव के ही खसरा नंबर 220, 280, 281 एवं 283 की भूमि जो कि प्रार्थी की भूमि से लगा हुआ है और उसमें भी गांव के अन्य लोग भी कब्जा कर अपना-अपना घर बनाकर रह रहे हैं। खसरा नंबर 217 लगभग एक एकड़ चालीस डिसमिल का बड़ा प्लाट है, जिसमें गांव के अन्य व्यक्तियों क्रमशः रनसाय पिता मोहन, कन्हैया लाल पिता तिरजन, हेमसाय पिता शुक्ला, राजू पिता देवचन्द, राम कैलाश पिता रूपसाय, कुलेश्वर पिता रामचरन, रामा शंकर माता वृधवा, राजेश पिता राम नारायण, रामसाय पिता दरबारी, मड़वारी पिता हीरालाल, राम भरोष एवं भवनसाय पिता राम नारायण उक्त शासकीय भूमि पर घर बनाकर निवासरत हैं। बावजूद इसके गांव के कुछ दबंग व्यक्तियों द्वारा केवल प्रार्थी की काबिज भूमि पर अपना हक जमाने के उद्देश्य से अतिक्रमण का मामला बनवाया गया है और शेष गांव के अन्य 11 व्यक्तियों के विरूद्ध अतिक्रमण का मामला नहीं बनवाया गया है। मामले में दबंग व्यक्तियों के दबाव में भटगांव तहसीलदार द्वारा अन्य सभी शासकीय भूमि पर काबिज लोगों को बचाते हुए केवल प्रार्थी को दो दिन के भीतर अपना कब्जा हटाए जाने के निर्देश दिए गए हैं। प्रार्थी ने कलेक्टर से मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए कार्यवाही किए जाने की मांग की है। प्रार्थी ने ज्ञापन में यह मांग किया है कि वर्षों से काबिज उक्त भूमि से बेदखल करने की कार्यवाही में सभी लोगों के खिलाफ निष्पक्ष कार्यवाही की जाए।

Categorized in: