सिलसिलेवार होती चोरियों से आम नागरिक व व्यापारी सकते में

अंबिकापुर। शहर में बढ़ती चोरियों की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। एक दिन पूर्व में शहर के बीचों-बीच लाखों की चोरी की मामला सामने आने के बाद पुन: गांधीनगर थाना क्षेत्र से चंद फासले पर चोरों ने दो दुकानों में धावा बोला। घटना की जानकारी एक दुकान संचालक ने पुलिस को दी है, जहां दो लाख रुपये से अधिक के सामानों की चोरी का अनुमान है। चोरी की आए दिन होती वारदातों ने एक बार फिर व्यापारियों को चिंतित कर दिया है।


जानकारी के मुताबिक अंबिकापुर-बनारस मुख्य मार्ग में थाने से सौ मीटर के फासले पर स्वीमिंग पुल के सामने स्थित पूर्णिमा इलेक्ट्रिक वक्र्स व उसके बगल में स्थित सरगुजा सेंट्रिंग दुकान में बुधवार-गुरूवार की दरम्यानी रात चोरों ने धावा बोला। गुरूवार की सुबह रोजाना की तरह पूर्णिमा इलेक्ट्रिक के संचालक उत्तम कुमार व्यापारी दुकान पहुंचे, तो उन्होंने पड़ोस के सेंट्रिंग दुकान के शटर का ताला टूटा देखा। इस समय तक उन्हें अंदाजा नहीं था कि चोरों ने उनके दुकान को भी खंगाल डाला है। सेंट्रिंग दुकान के संचालक राकेश अग्रवाल का छोटा भाई इस बीच दुकान खोलने के लिए पहुंच गया था। ताला टूटा देख जब राकेश के भाई के साथ सेंट्रिंग दुकान के अंदर उत्तम गए तो उन्हें अपने दुकान की खिड़की खुली दिखाई दी, जिसे वे रोजाना की भांति बंद करके घर गए थे। उत्तम व्यापारी ने जब अपने दुकान का ताला खोला तो उनके दुकान का एस्बेस्टस सीट टूटा था और काफी इलेक्ट्रिक से संबंधित सामान गायब थे। चोरों के हाथ नगदी तो नहीं लगा लेकिन वे दो लाख से अधिक का तांबे का तार का चार बंडल, ग्राइंडर व अन्य बिजली के उपयोग में आने वाला टूल्स, दो बोरा स्क्रेप नहीं था।


सेंट्रिंग दुकान में दूसरी बार चोरी
सेंट्रिंग दुकान के संचालक राकेश अग्रवाल ने बताया कि उनके यहां दूसरी बार चोरों ने धावा बोला है। यहां से चोर क्या ले गए, इसकी पुख्ता जानकारी नहीं मिल पाई है। पूर्व में जब चोरों ने यहां दबिश दी थी तो कुछ भी सामान चोर नहीं ले गए थे। ऐसे में यह भी माना जा रहा है कि इलेक्ट्रिक दुकान को निशाना बना चोर सेंट्रिंग दुकान के शटर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किए होंगे। बहरहाल ठंड के मौसम में बढ़ी चोरों की सक्रियता से व्यवसायी चिंतित हैं। सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और जांच में जुटी है।

Categorized in: