अम्बिकापुर – छत्तीसगढ़ शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अमरजीत भगत ने आज अम्बिकापुर विकसखण्ड के धान खरीदी केंद्र मेण्ड्राकला व लखनुपर के लहपटरा उचित मूल्य दुकान का निरीक्षण किया। उन्होंने धान खरीदी केंद्र मेंड्राकला में व्यवस्थाओं का जायजा लेकर नमी मापक यंत्र, इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन का अवलोकन किया साथ ही बिक्री हेतु लाए गए धान के गुणवत्ता भी निरीक्षण किया। उन्होंने समिति प्रबंधक को निर्दशित किया कि किसानों को धान बेचने में कोई परेशानी न हो। किसी किसान को कोई समस्या हो तो उसका निराकरण शीघ्र करें। उन्होंने कहा कि गिरदावारी त्रुटि या ऑनलाईन प्रविष्टि के कारण किसी किसान का रकबा कम हुआ हो तो उसमें आवश्यक सुधार करें।

इसके पश्चात खाद्यमंत्री ने लखनपुर के लहपटरा उचित मूल्य दुकान का निरीक्षण किया। उन्होंने दुकान में उपलब्ध खाद्यान्न की मात्रा का अवलोकन कर गुणवत्ता का भी जायजा लिया। दुकान में लगी कांटा मशीन का भी निरीक्षण किया। यहां समुचित व्यवस्थाएं दुरुस्त पाकर उन्होंने संतुष्टि जताई और सुचारू व्यवस्था बनाए रखने निर्देशित किया।
खाद्यमंत्री भगत ने सिलफिली धानखरीदी केंद्र का निरीक्षण किया, साथ ही किसानों से बात की। सिलफिली में ग्रामीणों ने वनाधिकार पट्टे की मांग की, तत्कालिक स्थिति की जानकारी लेते हुए उन्हें कलेक्टर को वनाधिकार पट्टा वितरण का निर्देश दिया। वनाधिकार पट्टा के ज़रिये आदिवासियों के वन क्षेत्र में वनोपजों के संग्रहण अधिकार समेत अन्य कई अधिकार मिलते हैं।

सेंट जेवियर्स स्कूल के नवीन कन्या छात्रावास का किया लोकार्पण
खाद्यमंत्री अमरजीत भगत ने अंबिकापुर में सेंट जेवियर्स स्कूल के कन्या छात्रावास का लोकार्पण किया। खाद्यमंत्री अमरजीत भगत ने सेंट ज़ेवियर्स स्कूल में अपने पुराने गुरूजनों का सम्मान भी किया। गौरतलब है कि खाद्यमंत्री अमरजीत भगत ने हाईस्कूल की पढ़ाई इसी सेंट ज़ेवियर्स स्कूल से की है। वे सेंट ज़ेवियर्स स्कूल की फुटबॉल टीम के प्रमुख खिलाड़ी भी रहे हैं।

Categorized in: