बिश्रामपुर। कोल इंडिया के करीब ढाई लाख कर्मचारियों के खाते में इस बार बोनस की रकम 76500 रुपए आएगी। कोल इंडिया प्रबंधन और ट्रेड यूनियन के नेताओं के बीच रांची में बैठक चली। पिछले वर्ष साढ़े 72 हजार रुपए बोनस कर्मचारियों को दिया गया था। इस बार प्रबंधन ने 74800 रुपए देने का ऑफर दिया। यूनियन ने इस बढ़ोत्तरी को स्वीकार नहीं किया। जिस पर लंबे समय तक चर्चा चलती रही। देर शाम को अंततः 76500 रुपए इस वर्ष दुर्गा पूजा बोनस दिए जाने पर सहमति बन गई है। बैठक में एचएमएस, सीटू, एटक और बीएमएस के नेता शामिल रहे। बताया जा रहा है कि प्रबंधन 75 हजार से ज्यादा देने के मूड में नहीं थी। लंच के बाद श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों साथ दोबारा प्रबंधन की वार्ता शुरू हुई और लंबी चर्चा के बाद प्रबंधन 76500 रुपए बोनस दिए जाने पर राजी हो गई। श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि मंडल 86 हजार रुपए बोनस की मांग पर अड़े रहे। बता दें कि कोल इंडिया ने वित्तीय वर्ष 2021-22 में लंबी छलांग लगाई है। कोलकर्मियों को दुर्गा पूजा बोनस का निर्धारण होने के बाद अब बाजार गुलजार होने की उम्मीद है। बताया जा रहा है कि उक्त निर्धारित बोनस राशि को 1 अक्टूबर तक जारी करने के भी निर्देश दिए गए हैं।  

Categorized in: