0मृतक के परिजनों को मुआवजा दिलाने के निर्देश
0 कलेक्टर बोले- लापरवाही बरतने वाले बैंक व बीमा कंपनी पर होगी कार्रवाई
0 कलेक्टर ने ली जनपद सीईओ एवं नपा सीएमओ की बैठक

चंचलेश श्रीवास्तव – सूरजपुर। सोमवार को कलेक्टर  रणवीर शर्मा की अध्यक्षता एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी राहुल देव की उपस्थिति में जिला पंचायत के सभाकक्ष में कोविड-19 के रोकथाम एवं नियंत्रण हेतु समीक्षा बैठक आयोजित किया गया। समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री शर्मा ने कोविड-19 से जिले में मृत सभी 187 लोगों के  मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने एवं कोरोना से मृत व्यक्ति का जीवन ज्योति योजना एवं प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना में खाता है, उनको मुआवजा दिलाए जाने के निर्देश दिए है। कलेक्टर ने स्पष्ट कर दिया है कि इस संबंध में किसी बैंक अथवा बीमा कंपनी द्वारा लापरवाही बरती जाती है, तो उक्त संस्थान के विरुद्ध कार्यवाही  की जाएगी। कलेक्टर रणवीर शर्मा ने निर्देशित करते हुए कहा कि टीकाकरण में द्वितीय डोज में फोकस करें। इसके लिए आगामी माह के प्रथम सप्ताह में समीक्षा की जायेगी। उन्होंने कहा कि 18 से 44 आयुवर्ग के लोगों का शत्-प्रतिशत टीकाकरण किया जाना सुनिश्चित करें। उन्होंने  गोधन न्याय योजना के अंतर्गत संचालित कार्यों की विस्तृत समीक्षा की । जिला पंचायत सीईओ राहुल देव ने मनरेगा योजना अंतर्गत लेबर बजट सहित अन्य कार्यो की समीक्षा की । जिसमें लोगों को अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराये जाने एवं हितग्राही मूलक कार्यो हेतु प्रस्ताव देने निर्देशित किया।  जिला पंचायत सीईओ ने जनपद पंचायत सूरजपुर की प्रगति कम होने पर नाराजगी व्यक्त की । उन्होंने सभी ग्राम पंचायत भवन का मूल्यांकन कराने तथा भौतिक सी0सी0 लगाने हेतु निर्देशित किया। वहीं उन्होंने कहा कि मूल्यांकन नहीं करने पर कार्यवाही की जाएगी। जिला पंचायत सीईओ   ने नाला (नरवा) योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि 2 से 3 दिन में डी0पी0आर0 भेजना सुनिश्चित करें। वित्तीय वर्ष 2019-20 के स्वीकृत कार्यो को 15 जून तक पूर्ण करने, रिजेक्टेड ट्रांजेक्शन को अविलंब पूर्ण करने, अपूर्ण आंगनबाड़ी भवन निर्माण कार्यो को जल्द पूर्ण कराने कहा है । जिला पंचायत सीईओ ने वृक्षारोपण के संबंध में समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि कार्ययोजना तैयार कर प्रस्ताव प्रेषित करें। समीक्षा बैठक के दौरान  कृषि विभाग, सर्व सीईओ जनपद पंचायत , सर्व जनपद पंचायत कार्यक्रम अधिकारी मनरेगा तथा नगरीय निकाय के अधिकारी उपस्थित थे।

Categorized in: