अंबिकापुर। सरगुजा में रेल सुविधाओं में बढ़ोतरी के लिए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से 14 मई को सीधे रूबरू होने या संवाद का अवसर शहर के प्रबुद्धजनों व रेल सुविधाओं के लिए लंबे समय से संघर्षरत संगठनों को मिलना फिलहाल संभव नहीं है। आयोजित कार्यक्रम में अब वे ऑनलाइन शामिल होंगे। उनके आगमन को लेकर गुरूवार की सुबह से बनी उहापोह की स्थिति पर विराम लग गया है। लगभग ढाई दशक के अंतराल में किसी केंद्रीय रेल मंत्री का आगमन तय होने की बात सामने आने के बाद जनता व विभिन्न संगठन के लोगों को उम्मीद थी कि नई रेल लाइन के सौगातों की झड़ी लगेगी। अंबिकापुर से दिल्ली जाने के लिए सीधी ट्रेन की सेवा ऑनलाइन कार्यक्रम में मिल पाएगी या नहीं, इसे लेकर रेलवे के अधिकारी कुछ स्पष्ट बता पाने की स्थिति में नहीं हैं।
केंद्रीय रेल मंत्री के आगमन को देखते हुए दो दिन पहले बिलासपुर से आए एडीआरएम व अंबिकापुर रेलवे प्रबंधन के साथ केंद्रीय राज्यमंत्री व सरगुजा सांसद रेणुका सिंह ने बैठक कर आवश्यक तैयारियों का जायजा लिया था। इसके साथ ही केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के अंबिकापुर आगमन को देखते हुए रेलवे स्टेशन को चकाचक बनाने पूरी ताकत झोंक दी गई थी। रेलवे स्टेशन के कोने-कोने तक के धूल-गर्दे की सफाई के साथ रंग-रोगन का कार्य चल रहा है। इधर केंद्रीय रेल मंत्री के आगमन की जानकारी प्रोटोकॉल के अनुसार रेलवे प्रबंधन को गुरूवार तक नहीं मिल पाई थी। इसके बाद भी रेलवे स्टेशन को चकाचक करने की कोशिश जारी रही क्योंकि वर्चुअल कार्यक्रम में रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा केंद्रीय राज्यमंत्री व सरगुजा सांसद रेणुका सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों की उपस्थिति रहेगी। गुरूवार को रंग-रोगन के साथ ही बंद पड़े वॉटर एटीएम, वॉटर कूलर को भी दुरुस्त किया जा रहा था, ताकि रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों को सबकुछ ठीक-ठाक मिले। विदित हो कि सरगुजा अंचल के लोगों की अंबिकापुर से रेनुकूट और अंबिकापुर से बरवाडीह तक नई रेल लाइन निर्माण की घोषणा बहुप्रतीक्षित है। केंद्रीय रेल मंत्री के आगमन पर लोगों की उम्मीद थी कि यह बड़ी सौगात भी उन्हें मिलेगी, लेकिन अभी अंबिकापुर से दिल्ली तक ट्रेन के संचालन के लिए नोटिफिकेशन का इंतजार है। बता दें कि अंबिकापुर-बरवाडीह रेल लाइन के लिए आजादी के पहले अंग्रेजों ने काम शुरू कराया था लेकिन आजादी के बाद इस रेल लाइन के लिए कोई काम नहीं हुआ।
अंबिकापुर से दिल्ली ट्रेन के उद्घाटन की पूरी उम्मीद-
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव 14 मई को अंबिकापुर से नई दिल्ली तक सीधी ट्रेन का वर्चुअल उद्घाटन कर सकते हंै, इसकी पूरी उम्मीद बनी हुई है। हालांकि रेलवे प्रबंधन इसकी पुष्टि नहीं कर रहा है। नई दिल्ली तक ट्रेन आरंभ करने के लिए बोगियों के बिजुरी रेलवे स्टेशन तक पहुंचने और इनके साज-सज्जा की बातें भी केंद्रीय रेल मंत्री के आगमन के लिए अंबिकापुर रेलवे स्टेशन में होने वाली तैयारियों के बाद से सामने आ रही हैं। अगर ऐसा हुआ तो रेल सुविधा की कड़ी में यह उत्तर छत्तीसगढ़ के लोगों के लिए बड़ी सौगात होगी।
रेलवे के जोन मुख्यालय में पहुंची जानकारी-
केंद्रीय रेलमंत्री अश्विन वैष्णव का 14 मई को कोरबा और अंबिकापुर प्रवास का कार्यक्रम था। वे यहां प्रस्तावित कार्यक्रम में अब ऑनलाइन शामिल होंगे। केंद्रीय रेलमंत्री का दिल्ली में किसी कार्यक्रम के चलते छत्तीसगढ़ के कोरबा व अंबिकापुर प्रवास का कार्यक्रम रद्द होने की बात कही जा रही है। इसकी जानकारी रेलवे के जोन मुख्यालय में पहुुंच चुकी है। बताया जा रहा है कि केंद्रीय रेल मंत्री का छत्तीसगढ़ दौरा बाद में तय किया जा सकता है। केंद्रीय रेलमंत्री का इसके पहले अंबिकापुर में एक नई ट्रेन को हरी झंडी दिखाने व कोयला लोडिंग को लेकर अंबिकापुर सहित कोरबा पहुंचने का कार्यक्रम निर्धारित था।

Categorized in: