0 आरोपी को पकड़ने पुलिस को बदलना पड़ा वेश,
0 35 हजार रुपये व बाईक जप्त
सूरजपुर।  किसान से 49 हजार रुपये लेकर फरार होने वाले आरोपी युवक को पुलिस ने 24 घण्टे के अंदर जैसे को तैसा वाले अंदाज में पड़ोसी जिला कोरिया के पटना बाईपास जंगल से पकड़कर उसके पास से 35 हजार रुपए जप्त किया है। आरोपी अम्बिकापुर के ईरानी मोहल्ले का बताया गया है जो पूर्व में भी इस तरह की वारदात को अंजाम दे चुका है। पुलिस अधीक्षक राजेश कुकरेजा द्वारा आरोपी तक पहुंचने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई हेतु दिए गए निर्देश पर जिले के सजग प्रहरियों के हाथ आरोपी तक पहुंचने में कामयाब हुए है। बताया गया है कि बीते गुरुवार को ग्राम सुन्दरपुर का  60 वर्षीय किसान रघुवीर राजवाड़े गांव के रामलाल मिश्रा के साथ भैयाथान सहकारी बैंक  गया था। जहां से वह 49 हजार रूपये आहरित कर दोपहर में बाईक से वापस अपने घर सुन्दरपुर आ रहा था। बाईक साथ मे गए रामलाल मिश्रा चला रहे थे। इसी दौरान करीब 4 बजे के आसपास जैसे ही ग्राम सिरसी के समीप गोबरी नाला के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से काले रंग के पल्सर मोटर सायकल में एक अज्ञात व्यक्ति आया और बाईक रुकवाकर झोले में गांजा रखे होने की बात कहते हुए किसान को चौकी चलने की बात कहते हुए झोला लेकर बसदेई की ओर निकल गया। इस दौरान पीछे पीछे बाईक में किसान भी चौकी पहुंचा। जहां उक्त युवक को ना देखकर घटना की जानकारी बसदेई चौकी में देते हुए मामला दर्ज कराया।जिसपर पुलिस ने चोरी के अपराध की  धारा 379 के तहत मामला पंजीबद्व किया। मामले की जानकारी से चौकी प्रभारी सुनील सिंह ने पुलिस अधीक्षक  को अवगत कराया। जिसपर उन्होंने पुलिस की 3 टीमों को बैंक, घटना स्थल एवं उसके आसपास के सीसीटीव्ही फुटेज निकालने व पूर्व में इस प्रकार के वारदात को अंजाम देने वालों का रिकार्ड खंगालने के निर्देश दिए। जांच कर रही पुलिस टीम को सीसीटीव्ही फुटेज एवं पूर्व के अपराधिक रिकार्ड के आधार पर जानकारियां हाथ लगी।पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जांच के दौरान सरहर्दी जिलों की पुलिस को इस वारदात के बारे में अवगत कराया गया और ऐसे मामलों को अंजाम देने वालों की जानकारी एकत्र की गई। सीसीटीव्ही फुटेज की मदद व मुखबीर की सूचना पर जिला कोरिया के पटना बाईपास के जंगल में छिपे आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस टीम ने अपने वेशभूषा बदलकर  वहां पहुंची और आरोपी सहजोर अली पिता अयूब अली उम्र 32 वर्ष  ईरानी मोहल्ला अम्बिकापुर को पकड़कर कब्जे से 35 हजार रूपये बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि पकड़े गए आरोपी के विरूद्व अम्बिकापुर के मणीपुर  चौकी में इसी प्रकार वारदात को अंजाम देने के मामले में गिरफ्तार हुआ था। आरोपी वारदात को अंजाम देने के पहले प्लानिंग के तहत 1-2 बैकों पर जाकर ऐसे व्यक्ति की तलाश में लगा था जिन्हें आसानी से झांसे में लिया जा सके पर वहां कोई नहीं मिला। तब वह सहकारी बैंक पहुंचा था और पैसा निकालने आए किसान पर निगाह रखने लगा। बैंक से पैसा निकालकर वापस जाने के दौरान उसे अपने झांसे में लेकर रकम उड़ा ले गया। आरोपी ने 14 हजार रूपये को खर्च कर देना बताया। मामले में 35 हजार रूपये एवं घटना में प्रयुक्त काले रंग के पल्सर मोटर सायकल जप्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया।

Categorized in: