19 मई 1974 को उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के छोटे से कस्बे बुढ़ाना में जन्मे नवाजुद्दीन सिद्द्की ने लंबे संघर्ष के बाद फिल्मों में कामयाबी पाई। नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने अपने करियर में हर तरह की भूमिकाएं निभाई हैं और दर्शको ने उन्हें खूब पसंद भी किया, लेकिन पिछले कुछ समय से सिनेमा में उनकी जो दमक कायम थी वह फीकी पड़ती नजर आ रही है। किसी भी कलाकार की सफलता का मानक उसकी फिल्मो के बॉक्स के आकड़ों से तय होते हैं। आइए उनकी पिछली रिलीज 10 फिल्मों पर एक नजर डालते हैं…

फिल्म: अफवाह (2023)
नवाजुद्दीन सिद्दीकी की ताजा तरीन रिलीज फिल्म ‘अफवाह’ मोबाइल फोन के दुरुपयोग पर आधारित है। इस फिल्म में दिखाया गया कि सोशल मीडिया द्वारा पैदा की गई अफवाह किस हद तक तक खतरनाक साबित हो सकती है। इस फिल्म में नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने रहब अहमद की भूमिका निभाई है जो एक मोबाइल कंपनी के जरिये देश की तस्वीर बदलने का सपना देख रहा है। सुधीर मिश्रा के निर्देशन में बनी इस फिल्म का निर्माण अनुभव सिन्हा ने किया है। इस फिल्म में नवाजुद्दीन सिद्दीकी के अलावा भूमि पेडनेकर, सुमित व्यास और शारिब हाशमी की मुख्य भूमिकाएं हैं। यह फिल्म 5 मई 2023 को रिलीज हुई थी। 40 करोड़ रूपये के बजट में बनी इस फिल्म का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन अब तक सिर्फ 3.25 करोड़ रूपये रहा है।

हीरोपंती 2 (2022)

फिल्म ‘हीरोपंती 2’ में नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने एक क्रिमिनल लैला की भूमिका निभाई थी जो फिल्म के हीरो टाइगर श्रॉफ को अपने फायदे के लिए इस्तेमाल करना चाहता है। यह फिल्म टाइगर श्रॉफ की फिल्म ‘हीरोपंती’ का सीक्वल थी जिसके जरिये टाइगर श्रॉफ ने हिंदी सिनेमा में डेब्यू किया था। इस फिल्म में नवाजुद्दीन सिद्दीकी और टाइगर श्रॉफ के अलावा तारा सुतारिया की लीड भूमिका में थी। फिल्म का निर्देशन अहमद खान ने किया और निर्माता साजिद नाडियाडवाला थे। 70 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन सिर्फ 24.45 करोड़ रूपये रहा। 29 अप्रैल 2022 को रिलीज हुई इस फिल्म ने न सिर्फ टाइगर श्रॉफ की उम्मीदों पर पानी फेर दिया, बल्कि नवाजुद्दीन सिद्द्की की साख को भी इससे करारा झटका लगा।

नो लैंड्स मैन (2021)
फिल्म ‘नो लैंड्स मैन’ अमेरिकी बांग्लादेशी भारतीय ड्रामा फिल्म है, जिसका निर्देशन और लेखन मुस्तफा सरवर फारूकी ने किया था। फिल्म एक दक्षिण एशियाई व्यक्ति की यात्रा पर आधारित है जो अमेरिका में एक ऑस्ट्रेलियाई महिला से मिलने पर जटिल हो जाती है। फिल्म का कथानक फासीवाद और पहचान के संकट से संबंधित है। इस फिल्म में नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने नवीन और समीर की भूमिका निभाई थी। फिल्म में नवाजुद्दीन सिद्दीकी के अलावा ईशा चोपड़ा, तहसन रहमान खान, की मुख्य भूमिकाएं थी। इस फिल्म का निर्माण खुद नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने मुस्तफा सरवर फारूकी, श्रीहरि साठे, मरीना फर्नाडिस फेरी, नुसरत इमरोज़ तिशा और ए आर रहमान के साथ मिलकर किया। फिल्म का संगीत भी ए आर रहमान ने दिया। ओटीटी पर रिलीज इस फिल्म का प्रीमियर 26वें बुसान इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में “ए विंडो ऑन एशियन सिनेमा” सेक्शन में हुआ।

रात अकेली है (2020)
फिल्म ‘रात अकेली है’ में नवाजुद्दीन सिद्दीकी इंस्पेक्टर जटिल यादव की भूमिका निभाई जो गांव के एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौत का जांच करता है। हनी त्रेहन के निर्देशन में बनी इस फिल्म में नवाजुद्दीन सिद्दीकी के आलावा राधिका आप्टे, श्वेता त्रिपाठी, तिग्मांशु धूलिया, शिवानी रघुवंशी, निशांत दहिया, ज्ञानेंद्र त्रिपाठी, इला अरुण, स्वानंद किरकिरे, नितेश कुमार तिवारी और आदित्य श्रीवास्तव की मुख्य भूमिकाएं थी। यह 31 जुलाई 2020 को नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई थी। ओटीटी पर रिलीज हो सकी इस फिल्म के लिए नवाजुद्दीन सिद्दीकी को फिल्मफेयर ओटीटी अवार्ड्स में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार मिला। फिल्म का निर्माण अभिषेक चौबे और रॉनी स्क्रूवाला ने किया था।

धूमकेतु (2020)
ओटीटी पर ही रिलीज फिल्म ‘धूमकेतु’ उत्तर प्रदेश के एक छोटे से कस्बे के नौसिखिये लेखक की कहानी है जो अपने सपनों को पूरा करने लिए मुंबई भाग कर आता है। इस फिल्म में नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने धूमकेतु की भूमिका निभाई थी। इस कॉमेडी ड्रामा फिल्म का लेखन और निर्देशन पुष्पेंद्र नाथ मिश्रा किया था। फिल्म का निर्माण अनुराग कश्यप, विकास बहल और सोनी पिक्चर्स ने किया था। इस फिल्म में अनुराग कश्यप ने भी छोटी सी भूमिका निभाई थी। फिल्म में नवाजुद्दीन सिद्दीकी, रागिनी खन्ना , अनुराग कश्यप , इला अरुण , रघुवीर यादव और बृजेंद्र काला की मुख्य भूमिकाएं थी। ओटीटी प्लेटफार्म जी5 पर यह फिल्म 22 मई 2020 को रिलीज हुई थी।

सीरियस मेन (2020)
फिल्म ‘सीरियस मेन’ एक व्यंग्यात्मक कॉमेडी फिल्म थी जिसका निर्देशन सुधीर मिश्रा ने किया था। इस फिल्म में नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने मुंबई के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फंडामेंटल रिसर्च में एक खगोलविद के सहायक की भूमिका निभाई। यह फिल्म 2 अक्टूबर 2020 को नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई थी। इस फिल्म के लिए भी नवाजुद्दीन सिद्दीकी को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का फिल्मफेयर ओटीटी अवार्ड मिला। फिल्म का निर्माण सुधीर मिश्रा, भावेश मांडलिया और सेजल शाह ने किया था।

मोतीचूर चकनाचूर (2019)
फिल्म ‘मोतीचूर चकनाचूर’ में नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने पुष्पेंद्र त्यागी की भूमिका निभाई है जो दुबई से नौकरी छोड़कर भारत शादी करने आता है। उसकी कोई खास पसंद नहीं है बस उसे किसी तरह से एक ऐसी लड़की चाहिए जिससे वह शादी कर सके। इस फिल्म में नवाजुद्दीन सिद्दीकी के अलावा अथिया शेट्टी विभा छिब्बर, नवनी परिहार, विवेक मिश्रा करुणा पांडे, संजीव वत्स, अभिषेक रावत, सपना रेत और उषा नागर की मुख्य भूमिकाएं हैं। फिल्म का निर्देशन देबमित्र बिस्वाल ने किया था। 19 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन महज 2.82 करोड़ रुपये रहा।

रोम रोम में (2019)
फिल्म ‘रोम रोम में’ एक भारतीय मनोवैज्ञानिक ड्रामा फिल्म थी जिसमें नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने राज की भूमिका निभाई थी। फिल्म में नवाजुद्दीन सिद्दीकी के अलावा तनिष्ठा चटर्जी, वेलेंटीना कोर्टी, फ्रांसेस्को अपोलोनी, विनीत कुमार, एंड्रिया स्कार्डजियो, सिएरा फोस्टर और प्रियांश जोरा की मुख्य भूमिकाएं थी। फिल्म की कहानी रीना (तनिष्ठा चटर्जी) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो सख्त पितृसत्तात्मक परिवार से आजादी पाने के लिए रोम (इटली) चली जाती है और उसका भाई राज उसे ढूढ़ने के लिए रोम जाता है। फिल्म का निर्देशन खुद तनिष्ठा चटर्जी ने किया और फिल्म के निर्माता पंकज राजदान थे। फिल्म का प्रीमियर 5 अक्टूबर 2019 को 24वें बुसान इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल म “ए विंडो ऑन एशियन सिनेमा” में किया गया।

फोटोग्राफ (2019)
फिल्म ‘फोटोग्राफ’ में नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने फोटोग्राफर रफी सिद्दीकी का किरदार निभाया था जो अपनी एक दोस्त मिलोनी को मंगेतर के रूप में अपनी दादी से मिलवाता है ताकि उसकी उसकी दादी उस पर शादी करने का दबाव बनाना बंद कर दे। इसके बाद कहानी एक नया मोड़ लेती है। फिल्म में नवाजुद्दीन सिद्दीकी और सान्या मल्होत्रा की मुख्य भूमिकाएं थी। निर्देशक रितेश बत्रा की यह फिल्म 15 मार्च 2019 को रिलीज हुई थी। 15 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन मात्र 1.29 करोड़ रुपये रहा।

ठाकरे (2019)
शिवसेना के संस्थापक बाल ठाकरे की इस बायोपिक में नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने शीर्षक भूमिका निभाई थी। इस फिल्म में अमृता राव ठाकरे की पत्नी मीना ठाकरे की भूमिका में नजर आई थी। अभिजीत पणसे के निर्देशन में बनी इस फिल्म का निर्माण शिवसेना नेता संजय राउत ने किया था। यह फिल्म 25 जनवरी 2019 को रिलीज हुई थी और 30 करोड़ रूपये के बजट में बनी इस फिल्म का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन सिर्फ 18.19 करोड़ रूपये रहा।

Categorized in: