0 लगातार दूसरे दिन भी कोतवाली के सामने हुई चोरी की वारदात

चंचलेश श्रीवास्तव

सूरजपुर। लगातार दूसरे दिन भी चोरो ने कोतवाली पुलिस को अपनी शसक्त उपस्थिति का एहसास कराया है और अपराध पर अंकुश और अपराधियों पर शिकंजा कसने की बात कर अपनी पीठ थपथपाने वाली पुलिस बेचारगी की हालत में दिख रही है। जिला मुख्यालय में कोतवाली थाने के सामने व आस पास के दायरे में चोर लगातार चोरी की वारदात को बेख़ौफ़ अंजाम दे रहे है और यहां के कोतवाल और उनकी टीम लगातार चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों के सामने बेबस और लाचार नजर आ रहे है। गुरुवार की रात कोतवाली थाने के ठीक सामने स्थित कन्हैया पान कार्नर में चोरी की घटना हुई तो शुक्रवार की रात फिर से कोतवाली से महज चंद मीटर की दूरी पर स्थित नजीम खान की पंचर दुकान का ताला तोड़कर चोरों ने पंचर मशीन का मोटर व दुकान में रखे चार पहिया वाहनों का डिस्क आदि पार कर दिया है। जिसकी कीमत करीब 40 हजार रुपये बताई गई है। यही नहीं बीते दस दिनों से चोरों ने कोतवाली के आस पास की कई दुकानों को अपना निशाना बनाया है। जिसमे 1जनवरी को पुराना बस स्टैंड स्थित राज कम्प्यूटर दुकान का सेड तोड़कर लेपटॉप करीब 40 हजार रुपये, उसके ठीक बगल में स्थित एक टोपी दुकान सहित केतका रोड स्थित राजा पान कार्नर का शेड उखाड़कर करीब 10 हजार से ऊपर की चोरी कर आरोपी चलते बने है। परंतु अब तक किसी भी मामले में कोतवाली पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है। कार्रवाई के नाम पर सिर्फ हवा में हाथ पैर मार रही है और कोतवाली पुलिस को खुला चैलेंज देते हुए आरोपी चोरी की घटनाओं को अंजाम देकर अपनी चुस्ती तथा पुलिस की सुस्ती का एहसास करा रहे है। कोतवाली के आस पास लगातार हो रही इन घटनाओं और आरोपियों तक पुलिस का नहीं पहुंच पाना पुलिस की उस सक्रियता पर सवालिया निशान लगा रहा है जिस पुलिस की मुस्तैदी की तारीफ करते जिले के कप्तान व उनके अधिकारी भी नहीं थकते है।और तो और पिछले दिनों कप्तान साहब जिला मुख्यालय की कोतवाली सहित अन्य थानों में रात्रि भ्रमण किया था इस पर मातहतो का कितना असर हुआ यह तो स्पष्ठ है पर चोर सक्रिय हो गए यह भी सामने है। कोतवाली पुलिस गलबहियां करने में मस्त है और इधर लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से शहर की जनता त्रस्त है।

Categorized in: