भैयाथान (दीपक गुप्ता)- भटगांव थाना क्षेत्र के जंगल से इमारती लकड़ियों को काटकर बिक्री करने वाले तस्कर के विरूद्व भटगांव पुलिस व वन विभाग की संयुक्त टीम ने कार्यवाही करते हुए एक तस्कर के कब्जे से 48 नग इमारती लकड़ी चिरान कीमत 50 हजार रूपये का जप्त किया है।
   
गुरूवार को पुलिस अधीक्षक सूरजपुर को मुखबीर ने सूचना दिया कि ग्राम झींगा दोहर निवासी जगरनाथ अगरिया भारी मात्रा में जंगल से इमारती लकड़ी काटकर अवैध रूप से रखा है। सूचना पर पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारी भटगांव किशोर केंवट को वन अमले के साथ तत्काल कार्यवाही करने के निर्देश दिए। थाना भटगांव एवं वन विभाग की संयुक्त टीम ने भटगांव के सरहर्दी ग्राम झींगा दोहर पहुंचकर जगरनाथ अगरिया पिता स्व. देवसाय अगरिया के कब्जे से 48 नग इमारती सरई चिरान लकड़ी एवं चिराई में प्रयुक्त आरा जप्त किया है। जप्त की गई इमारती लकड़ी की बाजारू कीमत करीब 50 हजार रूपये है। मामले में आगे की कार्यवाही वन विभाग के द्वारा की जा रही है। पूछताछ पर जगरनाथ ने बताया सोनगरा जंगल से इमारती लकड़ी काटकर उसे घर लाता था और घर में ही चिरान बनाता था और आसपास के क्षेत्र में अधिक दर पर बिक्री कर लाभ अर्जित करता था।

Categorized in: