बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ विकासखंड में आंगनबाड़ी सहायिका भर्ती प्रक्रिया में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। फर्जी अंकसूची के आधार पर नियुक्ति पाने वाली चार महिलाओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
मामला तब उजागर हुआ जब ग्राम जारगीम की गायत्री पति हेमंत कुमार ने भर्ती में धांधली की शिकायत कलेक्टर से की। शिकायत के बाद कलेक्टर ने जांच के निर्देश दिए। जिला शिक्षा अधिकारी और अनुविभागीय अधिकारी शंकरगढ़ ने संयुक्त जांच दल गठित किया गया।
जांच में पाया गया कि ग्राम जारगीम की अस्माना, ग्राम महुआडीह की रीजवाना, ग्राम कोठली की प्रियंका यादव और ग्राम बेलकोना की सुशीला सिंह ने अजीजी पब्लिक स्कूल, भगवतपुर/कुसमी की फर्जी 8वीं कक्षा की अंकसूचियां प्रस्तुत की थीं। इन्हीं कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर उनकी नियुक्ति हुई थी।
20 अगस्त को प्रस्तुत जांच प्रतिवेदन में इसे संगठित आपराधिक षड्यंत्र और कूटरचित दस्तावेजों के उपयोग का मामला करार दिया गया। इसके बाद कलेक्टर के निर्देश पर प्रभारी परियोजना अधिकारी बबली यादव ने थाना शंकरगढ़ में चारों महिलाओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई।

Categorized in: