मनेंद्रगढ़ (शुद्धूलाल वर्मा) ! विकासखंड मनेंद्रगढ़ के अंतर्गत स्थित अमृतधारा जलप्रपात पर्यटन स्थल में आने वाले पर्यटकों के ठहरने की सुविधा हेतु कॉटेज, रेस्टॉरेंट का रविवार को कोरिया कलेक्टर एसएन राठौर ने शुभारंभ किया है ! अब जलप्रपात पर्यटन स्थल अमृतधारा में आने वाले पर्यटकों को कॉटेज, रेस्टोरेंट, रेस्ट हाउस आदि की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी ! कलेक्टर कोरिया द्वारा पर्यटन स्थल अमृतधारा को विकसित करने एक अभिनव कदम आगे बढ़ाया गया है !
उल्लेखनीय है कि विकासखण्ड मनेंद्रगढ़ के ग्राम लाई स्थित अमृतधारा में पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कॉटेज, रेस्टहाउस, कैंटीन, रेस्टोरेंट एवं सूचना व बुकिंग काउंटर तैयार किया गया है जिसका रविवार को कलेक्टर एसएन राठौर द्वारा लाल फीता काटकर विधिवत शुभारंभ किया गया। पर्यटक अपने परिवार एवं मित्रों के साथ यहां आकर अमृतधारा जलप्रपात एवं प्रकृति की सुंदरता का आनंद ले सकेंगे साथ ही अब पर्यटकों को ठहरने, खाने-पीने की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। अमृतधारा जलप्रपात पर्यटन समिति द्वारा इसका संचालन किया जा रहा है। पर्यटक अपने परिजनों के साथ विशेष अवसरों की खुशियां बांटने के लिए भी बुकिंग कर सकते हैं। साथ ही बैठक, सेमिनार आदि के आयोजन की भी सुविधा उपलब्ध रहेगी। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य श्रीमती उषा सिंह करयाम, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रभा पटेल, नगर पालिका उपाध्यक्ष कृष्णमुरारी तिवारी, जनपद उपाध्यक्ष राजेश साहू, एसडीएम मनेंद्रगढ़ श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर, सीईओ जनपद पंचायत ए. के. निगम, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी शहर मनेंद्रगढ़ के अध्यक्ष राजेश शर्मा, सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Categorized in: