सरगुजा क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की संभाग स्तरीय बैठक सम्पन्न

अम्बिकापुर 22 फरवरी 2021/संभागयुक्त सुश्री जिनेविवा किंडो ने आज यहाँ कमिश्नर कार्यालय के सभा कक्ष में आयोजित संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक में सरगुजा क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण अंतर्गत स्वीकृत विभिन्न निर्माण कार्यो की समीक्षा की। उन्होंने जिलेवार पूर्ण एवं अपूर्ण निर्माण कार्यो की समीक्षा करते हुए कहा कि सहायक आयुक्त जिले में स्वीकृत निर्माण कार्यों की सतत मॉनिटरिंग कर समय-सीमा में निर्माण कार्य पूर्ण करायें। कमिश्नर ने निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर असंतोष जाहिर करते हुई संभाग के सभी जिलों के आर.ई.एस. के कार्यपालन अभियंताओं को कारण बताओ सूचना जारी करने के निर्देश दिए।

कमिश्नर ने कहा कि निर्माण कार्यो में तेजी लाने के लिए सहायक आयुक्त व्यक्तिगत रुचि लेकर समय-सीमा निर्धारित करें। तय समय सीमा के अनुसार कार्य पूर्ण करने सतत मॉनिटरिंग करें। अनुभाग स्तर के बैठकों में जनपद सीईओ तथा आर.ई.एस. के एस.डी.ओ. के साथ निर्माण कार्यो की प्रगति पर चर्चा करें। भूमि संबंधी समस्या के लिए राजस्व विभाग से समन्वय करें तथा सामग्री या अन्य समस्या के लिए संबंधित जनपद सी.ई.ओ. से समन्वय कर निराकरण कराये। उन्होंने कहा कि जिले में कलेक्टर की अध्यक्षता में आयोजित साप्ताहिक समय सीमा की बैठक की एजेंडा में भी इन निर्माण कार्यों को रखवाएं। कमिश्नर ने कहा कि स्वीकृत निर्माण कार्य जो लंबे समय से अप्रारंभ है उसे निरस्त कराने के प्रस्ताव दें। उन्होंने प्राधिकरण से आबंटित राशि के विरुद्ध बचत राशि की समीक्षा करते हुए कहा कि निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद यदि बचत राशि है तो उसे तत्काल चालान के माध्यम से जमा कराएं। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण अंतर्गत स्वीकृत निर्माण कार्यो को प्राथमिकता से पूरा कराएं।

बताया गया कि सरगुजा क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण अंतर्गत वर्ष 2017-18 से वर्ष 2020-21 तक संभाग में 96 करोड 36 लाख रुपये के कुल 1718 कार्य स्वीकृत किये गए है। इनमे से 414 कार्य पूर्ण हो चुके हैं तथा 58 कार्य अप्रारंभ है। 

बैठक में उपायुक्त विकास श्री महावीर राम सहित संभाग अंतर्गत जिलों के  आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त उपस्थित थे।

Categorized in: