फसल सुरक्षा और सुअर का शिकार करने ग्रामीणों ने लगाया था तरंगित नंगा जीआई तार

अंबिकापुर। हाई वोल्टेज बिजली करंट की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई थी। मौत के बाद मृतक के शव को 500 मीटर दूर कुएं में फेंक दिया गया था, प्रकरण में तीन आरोपियों को गिरफ्तार करके पुलिस ने न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। जंगली सुअर का शिकार करने के उद्देश्य से खेत में आरोपियों ने जीआई तार लगाया था।
जानकारी के मुताबिक दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम कुम्हरता निवासी हरेंद्र सिंह पिता बुद्धदेव 27 वर्ष की मृत्यु जंगली सुअर का शिकार करने के उद्देश्य से खेत में लगाए गए नंगा जीआई तार के चपेट में आने से हो गई थी। रिपोर्ट पर थाना दरिमा में अपराध क्रमांक 197/2025, धारा 105, 238, 3(5) बी.एन.एस. एवं विद्युत अधिनियम की धारा 135 पंजीबद्ध करके पुलिस ने विवेचना में लिया था। विवेचना दौरान पुलिस टीम ने संदेही, आरोपी बुधवार सिंह पिता जयमंगल सिंह 65 वर्ष निवासी कुम्हरता को हिरासत में लेकर पूछताछ किया तो बताया कि वह अपने अन्य साथी बलराम सिंह एवं मदन सिंह के सहयोग से मृतक हरेंद्र सिंह की करंट से मृत्यु हो जाने पर उसके शव को अपने खेत से करीब दूर 500 मीटर दूर कुआं में फेंक दिया है। आरोपी के निशानदेही पर प्रकरण के अन्य आरोपी मदन सिंह पिता बसंत साय 50 वर्ष व बलराम सिंह पिता देवन सिंह 55 वर्ष, दोनों निवासी ग्राम कुम्हरता को एक दिसम्बर को पुलिस ने हिरासत में लिया और पूछताछ की तो आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार किया। इन्होंने बताया कि खेत में धान की फसल को सुरक्षित करने एवं जंगली सुअर मारकर खाने के उद्देश्य से वे जीआई तार 11000 वोल्ट के बिजली खंभे से हुकिंग करके जोड़ दिए थे। 23.11.2025 की रात्रि 8.30 बजे खेत में हलचल होने पर जाकर देखे तो गांव का हरेंद्र सिंह मृत हालत में पड़ा था। इसके शव को छिपाने की नियत से वह बलराम सिंह और मदन को बुलाया और इनके सहयोग से खेत से करीब दूर 500 मीटर दूर कुआं में उसके शव को फेंक दिया था। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार करके न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। कार्रवाई में थाना दरिमा से सहायक उपनिरीक्षक नोहर साय मिंज, आरक्षक मनोहर पैकरा, बंदे केरकेट्टा, टिकेश्वर सिंह, नमिश सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Categorized in: