अवैध उगाही करने वाले कथित निगम के अधिकारी के विरूद्ध केस दर्ज
अंबिकापुर। खुद को नगर निगम का अधिकारी बताकर टैक्स के रूप में रुपये की अवैध वसूली करने के मामले में पुलिस ने दर्रीपारा निवासी एक व्यक्ति के विरूद्ध केस दर्ज कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक बलरामपुर जिला के शंकरगढ़ थाना अंतर्गत ग्राम लोधी निवासी प्रमोद गुप्ता पिता चितरंजन प्रसाद गुप्ता 32 वर्ष ने कोतवाली थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया है कि वह अपना स्वयं का ट्रक संचालन और व्यापार करता है। बीते 26 अक्टूबर को भोर में करीब 4 बजे वह अपने ड्रायवर श्रीनाथ कोरवा के साथ सामान लेकर अंबिकापुर आया था और रात हो जाने के कारण बस स्टैंड के पास रिंग रोड में गाड़ी को किनारे खड़ा कर के गाड़ी में ही सोया था। भोर में करीब 4 बजे एक व्यक्ति आया और अपने आप को नगर निगम का अधिकारी बताकर बोला कि यहां गाड़ी खड़ा करके सो रहे हो, जिसका टैक्स 500 रुपये देना पड़ेगा। जब उन्होंने कहा कि इससे पहले भी कई बार वे ट्रक लगाकर सोए हैं लेकिन कोई पैसा नहीं मांगा है। इतना सुनने के बाद उक्त व्यक्ति विवाद करने लगा तो वे बला टालने के लिए उसे 100 रुपये दिए, इसके बाद वह चला गया। लगभग आधे घण्टे के बाद वह पुन: आया और फिर पैसे की मांग करने लगा। जब उन्होंने कहा कि उनके पास पैसे नहीं हैं तो विवाद करके पुन: वहां से चला गया। कुछ देर बाद ट्रक से मोबाइल फोन गायब देखकर इनके होश उड़ गए। ऐसे में संदेह जाहिर किया गया है कि कथित नगर निगम का अधिकारी बताकर रुपये की वसूली करने वाले ने ही मोबाइल फोन चोरी किया है। प्रमोद गुप्ता ने पुलिस को बताया है कि 27 अक्टूबर को उनका ड्रायवर जान-बूझकर उसी जगह में ट्रक खड़ा करके रात में सोया था। वह व्यक्ति पुन: अलसुबह 4 बजे आया और पैसे की मांग करने लगा। इसके बाद ड्रायवर नीचे उतरकर उसे 100 रुपये दिया और मोबाइल के संबंध में पूछताछ किया तो वह भागने लगा। इसे ट्रक चालक पकड़ा तो वह व्यक्ति अपना नाम लालमन कुशवाहा निवासी दर्रीपारा बताया। ट्रक स्वामी की ओर से दी गई लिखित शिकायत पर पुलिस ने अवैध वसूली में लगे व्यक्ति के विरूद्ध केस दर्ज कर लिया है।

Categorized in: